सोहराब आलम/मोतिहारी। होली के त्योहार को देखते हुए शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए मधुबन थाना पुलिस ने तस्करी के एक अनूठे तरीके का भंडाफोड़ किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए स्कॉर्पियो पर दूल्हे के नाम के पोस्टर और बैनर लगा रखे थे, ताकि उसे बारात की गाड़ी समझकर कोई रोके नहीं। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी ने इस हाई-प्रोफाइल तस्करी का पर्दाफाश कर दिया।

​गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल

​मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय को सटीक जानकारी मिली थी कि बारात की आड़ में शराब की एक बड़ी खेप इलाके में खपाने की तैयारी है। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पकड़ीदयाल एसडीपीओ कुमार चंदन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने संदिग्ध मार्ग पर घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर गाड़ी को दबोच लिया।

​भारी मात्रा में शराब और गिरफ्तारियां

​जब्त स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। गाड़ी के अंदर से 51 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 442 लीटर मापी गई है। पुलिस ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

​तस्करों के खिलाफ अभियान जारी

​पकड़े गए चालक से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने फरार तस्करों के घरों पर भी छापेमारी की है। मधुबन पुलिस की यह 48 घंटों के भीतर दूसरी बड़ी सफलता है। थानाध्यक्ष ने सख्त चेतावनी दी है कि होली के दौरान अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रहेगी और तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।