IND vs ZIM T20 World Cup 2026 Super 8: टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 के 8वें मैच में भारत और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने हैं। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय टीम इस मुकाबले में दो बदलावों के साथ उतरी है। संजू सैमसन की रिंकू सिंह की जगह वापसी हुई है। इसके अलावा उपकप्तान अक्षर पटेल को वाशिंगटन सुंदर की जगह मौका दिया गया है। वहीं, जिम्बाब्वे ने प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया है।

गौरतलब है कि भारत और जिम्बाब्वे दोनों ही टीमों के लिए यह करो या मरो का मुकाबला है। हारने वाली टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी। जीतने वाली टीम के पास चांस बना रहेगा। सुपर-8 स्टेज में दोनों ही टीमों की शुरुआत खराब रही। भारत को साउथ अफ्रीका ने 76 रन से हराया। वहीं जिम्बाब्वे को वेस्टइंडीज ने 107 रन से हरा दिया। ऐसे में दोनों टीमें आज अपनी पहली जीत की तलाश में भी होंगी।

बता दें कि यह मुकाबला आज शाम 7 बजे से शुरू होगा, लेकिन उससे पहले आइए एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच रिपोर्ट, भारत और जिम्बाब्वे के हेड टू हेड आंकड़े, दोनों टीमों की प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मुकाबले से जुड़ी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

भारत बनाम जिम्बाब्वे हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

भारत और जिम्बाब्वे की टीमें टी-20 फॉर्मेट के इतिहास में अब तक 13 बार आमने-सामने हुई हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 10 मुकाबले जीते हैं। सिर्फ 3 मैच जिम्बाब्वे ने अपने नाम किए हैं। दोनों टीमें टी-20 वर्ल्ड कप में इससे पहले एक ही बार 2022 में भिड़ी थीं, तब सूर्यकुमार यादव की नाबाद फिफ्टी के दम पर भारत ने मुकाबला जीत लिया था।

एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक की पिच धीमी और स्पिनर्स को मदद करने वाली होती है, लेकिन इस बार फ्रेश पिच तैयार की गई है। इस बार अच्छा बाउंस देखने को मिल रहा है। ऐसे में यहां रन भी बन रहे हैं। इस वर्ल्ड कप में यहां अब तक 6 मैच खेले गए हैं और सभी में 170+ स्कोर बना है।

यहां अब तक 9 टी-20 खेले गए हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 4 और चेज करने वाली टीम ने 5 मैच जीते हैं। यहां का हाईएस्ट टीम स्कोर 200/4 है, जो अफगानिस्तान ने इसी वर्ल्ड कप में कनाडा के खिलाफ बनाया था। यहां पहली पारी का एवरेज स्कोर 182 है।

भारतीय टीम ने इस मैदान पर अब तक 3 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से 2 में जीत दर्ज की है, जबकि 1 मैच में उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। वहीं, जिम्बाब्वे पहली बार यहां खेलेगी।

भारत और जिम्बाब्वे दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत की प्लेइंग-11

संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह

जिम्बाब्वे की प्लेइंग-11

तदिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकीवा, ब्रैड इवांस, टिनोटेंडा मापोसा, ब्लेसिंग मुजराबानी, रिचर्ड नगारवा

मैच कहां देखें लाइव?

भारत बनाम जिम्बाब्वे के बीच सुपर-8 चरण के इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

मोबाइल पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगी। यदि आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करें। पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें, ताकि बिना रुकावट मैच देखा जा सके। इसके साथ ही आप Lalluram.com वेबसाइट पर भी मैच का लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H