WI vs SA T20 World Cup 2026 Super-8: टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 स्टेज के सातवें मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हरा दिया है। नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद वेस्टइंडीज ने जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की मदद से 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 176 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका ने कप्तान एडन मार्करम की अर्धशतकीय पारी की मदद से 16.1 ओवर में 1 विकेट खोकर 177 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए मार्करम ने क्विंटन डिकॉक के साथ मिलकर दक्षिण अफ्रीका को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। डिकॉक अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन रोस्टन चेज ने उन्हें आउट कर दिया। डिकॉक 24 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मार्करम ने रेयान रिकेल्टन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और टीम को जीत दिला दी।
बता दें कि साउथ अफ्रीका ने इसके साथ ही टी-20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है और सेमीफाइनल के लिए दावा मजबूत कर लिया है और साथ ही भारत की राह भी आसान कर दी है।
साउथ अफ्रीका की जीत से भारत कैसे मिलेगा फायदा ?

गौरतलब है कि साउथ अफ्रीका ने यह मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है और साथ ही भारत की राह भी आसान कर दी है। अब टीम इंडिया को अंतिम चार में पहुंचने के लिए अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उसे सिर्फ अपने बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने होंगे। भारत को गुरुवार को जिम्बाब्वे और 1 मार्च को वेस्टइंडीज से भिड़ना है।
सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी थी, जिससे उसका रनरेट काफी गिर गया था। इसके बाद वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को बड़े अंतर से हराकर अपना रनरेट साउथ अफ्रीका से भी बेहतर कर लिया था। उस समय साउथ अफ्रीका का रनरेट +3.8 और वेस्टइंडीज का +5.35 था।
ऐसे में भारत की सेमीफाइनल उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए जरूरी था कि साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज को हराए। अब साउथ अफ्रीका की जीत के बाद समीकरण साफ हो गए हैं।
क्या है भारत का समीकरण?

भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज—दोनों को हराना होगा। अगर टीम इंडिया अपने दोनों मुकाबले जीत लेती है तो उसके 4 अंक हो जाएंगे और रनरेट की चिंता भी नहीं रहेगी।
वेस्टइंडीज के फिलहाल 2 अंक हैं। उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने आखिरी मैच में भारत को हराना ही होगा।
अगर भारत जिम्बाब्वे को हरा देता है, तो 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला दोनों टीमों के लिए करो या मरो का होगा। जो टीम जीतेगी, वही सेमीफाइनल में पहुंचेगी।
वहीं, जिम्बाब्वे को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। भारत से हारते ही वह आधिकारिक रूप से रेस से बाहर हो जाएगा, जबकि साउथ अफ्रीका की सेमीफाइनल में एंट्री पक्की हो जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


