Semi final equation for Team India after South Africa vs West Indies match: जैसे ही साउथ अफ्रीकी टीम ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी, वैसे ही भारतीय क्रिकेट फैंस झूम उठे. क्योंकि इस जीत में साउथ अफ्रीका का तो फायदा था ही, टीम इंडिया की भी बल्ले-बल्ले हो गई. सेमीफाइनल के लिहाज से टीम इंडिया अफ्रीकी टीम की दुआ कर रही थी, उसकी दुआ काम भी आ गई. पहले अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 176 रनों पर रोका और फिर सिर्फ 1 विकेट खोकर 16.1 ओवरों में इस टारगेट को चेज कर लिया. इस जीत के साथ अफ्रीका के पास सुपर 8 में कुल 4 अंक हो चुके हैं. वो लगभग सेमीफाइनल में एंट्री कर चुकी है, वहीं हारने के बाद विंडीज की टीम फंस चुकी है और टीम इंडिया का रास्ता अब आसान हो गया है.

दरअसल, सेमीफाइनल के लिए सुपर 8 के ग्रुप 1 में साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज मैच से पहले जो समीकरण था, उसके हिसाब से वेस्टइंडीज की जीत भारत के लिए खतरा बन सकती थी. अब उसकी करारी हार ने सारा गणित बदल दिया है. एडन मार्करम की कप्तानी वाली प्रोटियाज टीम ने न केवल खुद को सेमीफाइनल के करीब पहुंचाया, बल्कि टीम इंडिया पर भी एक तरह का ‘बड़ा एहसान’ कर दिया है.

सुपर 8 के ग्रुप 1 में अब नंबर एक पर अफ्रीका की टीम है. उसके पास 4 अंक के साथ +2.890 का नेट रन रेट है. वेस्टइंडीज दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ +1.791 के नेट रन रेट पर है, जबकि टीम इंडिया नंबर 3 पर है, जिसका नेट रन रेट -3.800 है. आखिरी नंबर यानी चौथे स्थान पर जिम्बाब्वे है, जिसका नेट रन रेट -5.350 है.

नया गणित जान लीजिए

अब जो नया गणित बना है, वह अफ्रीका को सेमीफाइनल में पहुंचा रहा है. टीम इंडिया का रास्ता आसान है. अगर टीम इंडिया ने बचे हुए दोनों मैच जीत लिए, मतलब जिम्बाब्वे को हरा दिया और फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ भी जीत हासिल कर ली, तो 4 अंकों के साथ वह सेमीफाइनल में एंट्री कर लेगी. वहीं भारत चाहेगा कि अफ्रीकी टीम अपने आखिरी सुपर 8 मुकाबले में जिम्बाब्वे को भी हरा दे.

टीम इंडिया के लिए तब खतरा हो सकता है जब वह बचे हुए दो में से कोई एक मैच हार जाए. जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया की जीत तय दिख रही है. यह मुकाबला आज चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है. इसके बाद भारत अगले मैच में विंडीज के खिलाफ करो या मरो वाला मुकाबला खेलेगा. उस मैच में जो भी जीतेगा, वह सेमीफाइनल में एंट्री कर लेगा.

वेस्टइंडीज के लिए क्या बचा है रास्ता?

वेस्टइंडीज के पास भी सेमीफाइनल में जाने का रास्ता है. अगर वह अपने आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया को हरा देता है, तो उसे सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा. क्योंकि अगर टीम इंडिया आज जिम्बाब्वे के खिलाफ जीतती है और विंडीज के खिलाफ हारती है तो उसके 2 और विंडीज के 4 अंक हो जाएंगे. इस स्थिति में विंडीज बाजी मार लेगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H