Abhishek Sharma Creates History: अभिषेक शर्मा से जैसी उम्मीद थी, उन्होंने वैसा ही कमाल कर दिया. टी20 विश्व कप 2026 के पहले तीन मैचों में उनका खाता नहीं खुलता था. फिर चौथे मुकाबले में अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 15 रनों पर पारी सिमट गई थी, लेकिन जब टीम को उनसे करो या मरो वाले मुकाबले में रनों की सबसे ज्यादा उम्मीद थी, तब अभिषेक ने बल्ले से तबाही मचाई. वो फॉर्म में देर से आए, लेकिन दुरुस्त आए. अभिषेक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 26 बॉल पर फिफ्टी ठोकी और अपने हेड कोच गौतम गंभीर का एक महारिकॉर्ड ब्रेक कर दिया.

अभिषेक ने 30 बॉल पर 4 चौके और इतने ही छक्कों के दम पर 55 रन ठोके. उन्होंने 26 बॉल पर फिफ्टी पूरी की थी. इस पारी के दम पर उन्होंने चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में जो तूफान मचाया, उसने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को संभलने तक का मौका नहीं दिया.
अभिषेक शर्मा ने कौन सा रिकॉर्ड बनाया?
अभिषेक शर्मा अब टीम इंडिया के लिए बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन चुके हैं. उन्होंने गौतम गंभीर को पछाड़ा, जिन्होंने 7 बार ये कमाल किया था. इस लिस्ट में अभिषेक अब धवन के बराबर आ चुके हैं, जिनके नाम 11 बार 50 प्लस स्कोर दर्ज हैं. इस लिस्ट में नंबर एक पर रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने 32 दफा 50 प्लस स्कोर किए हैं.
T20I में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर (एक भारतीय ओपनर द्वारा)
32 – रोहित शर्मा
21 – केएल राहुल
11 – शिखर धवन
11 – अभिषेक शर्मा
7 – गौतम गंभीर
टी20 विश्व कप 2026 में पहली फिफ्टी जमाई

टी20 विश्व कप 2026 में यह पहला मौका था जब बाएं हाथ के भारतीय ओपनर अभिषेक पूरे फॉर्म में दिखे. उन्होंने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों का धागा खोल दिया. मैदान की चारों दिशाओं में चौके-छक्के बरसाए और ये बता दिया कि फॉर्म आती-जाती रहती है, लेकिन क्लास हमेशा बरकरार रहती है. अभिषेक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 183.33 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और अपने टी20 करियर का 9वां अर्धशतक ठोका. यह T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में उनकी पहली फिफ्टी भी रही.
टीम ने 256 रन ठोककर रचा इतिहास
अभिषेक शर्मा के साथ टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन ने पारी का आगाज किया. ओपनिंग विकेट के लिए दोनों के बीच 48 रनों की साझेदारी हुई. यह T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है. टीम इंडिया ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 256 रन बनाए, जो टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. नंबर एक पर श्रीलंका की टीम है, जिसने 2007 में केन्या के खिलाफ 260 रन बनाए थे. खास बात ये है कि यह टीम इंडिया का टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा स्कोर भी है. पिछला रिकॉर्ड 218 रन का था.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


