Arshdeep Singh Broke Jasprit Bumrah Record : टी20 विश्व कप 2026 में अर्शदीप सिंह ने कमाल कर दिया है. जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए सुपर 8 के मुकाबले में उन्होंने 3 विकेट निकाले और इतिहास रच दिया. अर्शदीप सिंह ने वो कमाल कर दिखाया, जो अब तक कोई भी भारतीय नहीं कर पाया था. उन्होंने न सिर्फ जसप्रीत बुमराह को पछाड़ा बल्कि न्यूजीलैंड के दिग्गज ट्रेंट बोल्ट का रिकॉर्ड भी ब्रेक कर दिया. अर्शदीप सिंह अब टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले बॉलर बन चुके हैं. अब उनके टारगेट पर शाकिब अल हसन का वर्ल्ड रिकॉर्ड है, जिन्होंने टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा 50 विकेट लेने का कमाल किया है.

दरअसल, भारत और जिम्बाब्वे के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक अहम मैच खेला गया. यह मैच दोनों टीमों के लिए करो या मरो वाला था, जिसमें टीम इंडिया ने 72 रनों से जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें जिंदा रखी हैं. टीम इंडिया को जीत दिलाने में अर्शदीप सिंह ने खास योगदान दिया. उन्होंने 4 ओवरों में 24 रन देकर 3 विकेट निकाले.
अर्शदीप सिंह ने ट्रेंट बोल्ट का रिकॉर्ड तोड़ा
जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 विकेट लेकर अर्शदीप सिंह ने टी20 विश्व कप में अपने विकेटों की संख्या 35 पहुंचा दी और बुमराह को पछाड़ दिया, जिन्होंने कुल 33 विकेट निकाले थे. अर्शदीप सिंह ने मुकाबले में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा, रेयान बर्ल और टोनी मुनयोंगा को आउट किया. वह इस एडिशन में 8 विकेट चटका चुके हैं. अर्शदीप सिंह ने कीवी टीम के पूर्व बॉलर ट्रेंट बोल्ट को भी पछाड़ा है, जिनके नाम 34 विकेट थे.
अब निशाने पर ये दिग्गज, 16 विकेट की है दरकार
टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट बांग्लादेश के पूर्व दिग्गज शाकिब अल हसन के नाम हैं, जिन्होंने 43 मैचों में 50 विकेट निकाले थे. नंबर 2 पर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जम्पा हैं, जिनके नाम 25 मैचों में 44 विकेट हैं. नंबर 3 पर राशिद खान हैं, जिन्होंने 43 विकेट लिए हैं. इन सभी दिग्गजों को पछाड़ने के लिए अर्शदीप सिंह को 16 विकेट और चाहिए होंगे.
भारत के लिए टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो अर्शदीप सिंह के बाद दूसरे नंबर पर जसप्रीत बुमराह का नाम है, जिन्होंने 23 मैचों में 33 विकेट चटकाए हैं. फिर आर अश्विन हैं, जो अब तक 24 मैचों में 32 शिकार कर चुके हैं.


