Jamui News: बिहार के जमुई जिले में आज रविवार (1 मार्च) को पुरानी रंजिश में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों गुटों के बीच जमकर हुई गोलीबारी से पूरा गांव दहल उठा। गोलीबारी में एक ही पक्ष के चार लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग से इलाके में जहां एक तरफ दहशत का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों में भी भय बना हुआ है।

पूरी घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के जखड़ा गांव की है। गांव में झड़प और फायरिंग सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घायलों को तुरंत इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी पुराना है, जिसे लेकर आज रविवार को हुए विवाद में करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग की गई।

घायलों की पहचान नुमान खान, मोफीज़ खान, अरबाज़ खान और अरमान खान घायल हो गए। सभी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में से एक की हालत बेहद ही गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया है। वहीं, तीन अन्य लोगों का जमुई में ही इलाज चल रहा है।

सदर एसडीपीओ सतीश सुमन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया। गांव की तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने घटना के पीछे पुरानी आपसी रंजिश बताई है। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

ये भी पढ़ें- नालंदा में होली मिलन समारोह के दौरान पथराव और गोलीबारी, 3 लोग घायल, गायक रौशन रोही समेत 12 गिरफ्तार