MP Morning News: शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के बड़वानी में डॉ मोहन सरकार की पहली कृषि कैबिनेट बैठक होगी। जिसमें कृषि से जुड़े अहम प्रस्तावों पर मुहर लगेगी। मछली उत्पादन की नई नीति को मंजूरी मिलेगी। मछली उत्पादकों को 40 फीसदी तक सब्सिडी मिलेगी। कृषि वर्ष 2026-27 में यह सरकार का दूसरा बड़ा फैसला होगा। उड़द पर प्रति क्विंटल 600 रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। सरकार ने सरसों में भी भावांतर देने की घोषणा की है। आदिवासी बाहुल्य जिलों में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर निर्णय संभव है।

बड़वानी में होने वाली पहली कृषि कैबिनेट और छठवीं डेस्टिनेशन मीटिंग में किसानों की आय दोगुनी करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए जाएंगे। बैठक में मसाला फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए एक नई योजना पर चर्चा होगी। पशुपालन को आधुनिक बनाने के लिए किसानों को विदेश में विशेष प्रशिक्षण दिलाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा किसानों के खातों को ‘समग्र आईडी’ से लिंक करने पर निर्णय संभव है। ‘समग्र आईडी’ से कृषि संबंधी सभी जानकारियां सीधे उनके मोबाइल ऐप पर मिल सकेंगी।

लोक देवता भीलट देव के आंगन में होगी कैबिनेट मीटिंग

आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में भीलटदेव (भिलट देव) शिखरधाम पहुंच रहे हैं। यह दौरा प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट (किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत) के लिए है, जो लोकदेवता भीलटदेव के आंगन में हो रही है। बैठक से पहले वे मंत्रिमंडल के सभी सहयोगियों के साथ मंदिर में दर्शन, पूजा-अर्चना करेंगे। सतपुड़ा की तलहटी में स्थित नागल बाड़ी में व्यापक तैयारियां की गई हैं। वनवासी अंचल में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर व्यापक उत्साह है।

CM के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज सुबह 8:50 बजे जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल ईदगाह हिल्स पहुंचेंगे। जहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 10:30 बजे बड़वानी में नागलवाड़ी भिलट देव मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। सुबह 11:00 बजे कृषि कैबिनेट में शामिल होंगे। कृषि एवं जनजातीय विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। सुबह 11:50 बजे नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की 269वीं बैठक, दोपहर 12:00 बजे कैबिनेट ब्रीफिंग करेंगे। इसके बाद 2:00 बजे बड़वानी में भगोरिया उत्सव में शामिल होंगे। हीं शाम 5:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।

इस महीने 17 दिन मंत्री सुनेंगे समस्याएं

बीजेपी ऑफिस में इस महीने 17 दिन मंत्री समस्याएं सुनेंगे। मार्च महीने में मंत्रियों का ड्यूटी रोस्टर जारी किया गया। मंत्री राकेश सिंह, विश्वास विश्वास, प्रतिमा बागरी, दिलीप जायसवाल और लखन पटेल की ड्यूटी नहीं है। आज डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा दोपहर एक बजे से तीन बजे तक मौजूद रहेंगे। वे प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठकर आम जनता और बीजेपी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

सिंगरौली में हाथियों के रास्ते पर खनन ?

NGT ने धिरौली कोल ब्लॉक आवंटन पर सख्त रुख अपनाया है। ट्रिब्यूनल ने केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार से जवाब तलब किया है। एमपी सरकार और अदाणी समूह को नोटिस जारी कर डेढ़ माह के भीतर जवाब मांगा है। याचिका में पेड़ कटाई के मुद्दे पर भी सभी पक्षों से हलफनामा प्रस्तुत करने को कहा गया है। इस मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी।

भोपाल में 1500 से ज्यादा स्थानों पर होगा होलिका दहन

राजधानी भोपाल में आज सोमवार को 1500 से ज्यादा स्थानों होलिका दहन की जाएगी। गोकाष्ठ को फिर प्राथमिकता, 4 मार्च को जुलूस निकलेगा होली। कई इलाकों में परंपरानुसार निर्धारित मुहूर्त के अनुसार होलिका दहन किया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर देर रात शुभ समय में अग्नि प्रज्वलित की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण और गोवंश संवर्धन को देखते हुए गोकाष्ठ से होलिका दहन को बढ़ावा दिया जाएगा। 2 मार्च की रात 2 बजे के बाद भद्रा पुच्छकाल समाप्त होने पर होलिका दहन किया जाएगा। 3 मार्च की रात तक पूर्णिमा समाप्त होकर प्रतिपदा तिथि लग जाएगी।

राजधानी की 29 शराब दुकानों की नीलामी आज

सरकार ने नई आबकारी नीति लागू कर दी है। नई व्यवस्था में शराब दुकानों को छोटे-छोटे समूहों में बांटा गया है। भोपाल की 87 दुकानों को 20 ग्रुप में बांटा है। जिनके आवंटन की प्रक्रिया ई-टेंडर के जरिए होगी। आज सोमवार को भोपाल की 29 शराब दुकानों की नीलामीहोगी। इसकी रिजर्व प्राइस लगभग 520 करोड़ रखी गई है। वहीं सभी 87 शराब ठेकों की रिजर्व प्राइस 1432 करोड़ रुपए है।

भोपाल के इन इलाकों में बिजली रहेगी गुल

भोपाल में आज सोमवार को कई इलाकों में बिजली गुल रहेगी। इन इलाकों में मेंटनेंस कार्य के चलते सप्लाई प्रभावित रहेगी। सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक पीर बादली। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौलाना आजाद कॉलोनी, संजय नगर, ईदगाह हिल्स, प्रभु नगर, प्रिंस कॉलोनी और नियामतपुरा वहीं सुबह 10 से शाम 4 बजे तक गिरनार वैली, त्रिपति अभिनव होम्स, सेज गोल्डन स्प्रिंग, सागर लैंड मार्क, वर्धमान ग्रीन, अयोध्या बायपास, ख्वाजा कॉलोनी, कमला नगर, राजीव नगर में बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m