Bihar Rajya Sabha Elections: बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव होना है। ऐसे में इन दिनों बिहार की सियासत में अटकलों का बाजार गर्म है। यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि किस पार्टी से कौन-कौन राज्यसभा जा सकता है। इस बीच सियासी हलकों में यह भी चर्चा चल रही है कि जदयू कोटे से निशांत कुमार को राज्यसभा भेजा जा सकता है।

गौरतलब है कि जदयू की ओर से लंबे समय से निशांत कुमार को राजनीति में लाने की मांग होती रही है। इस बीच पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के बयान ने इस बहस को और तेज कर दिया है। दरअसल उन्होंने कहा है कि, पार्टी के अधिकतर नेताओं की राय है कि निशांत कुमार को राजनीति में आना चाहिए और पार्टी के लिए काम करना चाहिए। हालांकि अंतिम फैसला निशांत कुमार को खुद लेना है।

मिली जानकारी के अनुसार अगर निशांत राज्यसभा जाने के लिए हामी भरते हैं, तो 4 या 5 मार्च को वह अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उनके राज्यसभा जाने से इंकार करने पर जदयू कोटे से मनीष वर्मा और रामनाथ ठाकुर का नाम आगे बढ़ाया जा सकता है।

वहीं, इस मामले में बिहार सरकार के मंत्री और आरएलएम नेता दीपक प्रकाश ने कहा कि, राज्यसभा के बारे में मुझे जानकारी नहीं है, लेकिन युवा यदि राजनीति में आएंगे तो राजनीति बेहतर होगी। इससे नई दिशा मिलेगी और राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र भी मजबूत होगा।

गौरतलब है कि दीपक प्रकाश के पिता और आरएलएम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के भी राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा है। पिछली बार बीजेपी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। वहीं, इस बार भी यह कयास लगाया जा रहा है कि बीजेपी उन्हें फिर से राज्यसभा भेज सकती है। कल सोमवार 2 मार्च को उन्होंने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी। हालांकि इस बार उनकी यह राह आसान नहीं होने वाली है। क्योंकी जीतन राम मांझी भी राज्यसभा सीट को लेकर दावा कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- बिहार में होली मनाएंगे नितिन नबीन, स्वागत में भव्य समारोह का आयोजन, प्रदेश अध्यक्ष समेत शामिल होंगे बीजेपी के कई बड़े दिग्गज