CM रेखा गुप्ता ने राजधानीवासियों को रंगों के महापर्व होली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि होली आपसी सद्भाव, प्रेम और एकता का प्रतीक है। यह पर्व केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि हमारी साझी संस्कृति और विविधता में एकता का उत्सव है। उन्होंने कामना की कि यह पावन अवसर दिल्लीवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा राजधानी के उज्ज्वल भविष्य की राह को और सशक्त बनाए। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे होली का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और समाज में भाईचारे एवं सामंजस्य को और मजबूत करें।

रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी कामना है कि होली का यह पावन पर्व हर दिल्लीवासी के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लेकर आए। मुख्यमंत्री ने राजधानीवासियों से आह्वान करते हुए कहा, “आइए, हम सब मिलकर नफरत को खत्म करें और भाईचारे के रंगों से एक मजबूत और समरस समाज का निर्माण करें।” उन्होंने जोर देकर कहा कि होली का त्योहार हमें प्रेम, सौहार्द और पारस्परिक सम्मान का संदेश देता है। यह अवसर है कि हम अपने मतभेद भुलाकर एकजुट हों और दिल्ली को शांति, सद्भाव और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाएं।

दिल्ली के इन्फ्रास्ट्रक्चर बनेंगे विश्वस्तरीय

रेखा गुप्ता ने होली के शुभ अवसर पर दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्वस्तरीय बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार होली के रंग आपस में घुलकर एक नई और सुंदर तस्वीर बनाते हैं, उसी तरह सरकार भी समन्वित प्रयासों से दिल्ली को आधुनिक और विकसित राजधानी के रूप में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार राजधानी के कोने-कोने को आधुनिक सड़कों, सुगम और सशक्त परिवहन व्यवस्था तथा स्मार्ट सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए भी दिन-रात प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनसहभागिता और सकारात्मक सहयोग से दिल्ली को एक स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वस्तरीय शहर के रूप में स्थापित किया जाएगा।

समृद्ध दिल्ली के निर्माण के लिए पूरी तरह समर्पित

रेखा गुप्ता ने राजधानीवासियों को विश्वास दिलाया कि वे एक सुरक्षित और समृद्ध दिल्ली के निर्माण के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की राह पर आगे बढ़ते हुए आपसी भाईचारा ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा, “दिल्ली भारत की राजधानी है और यहां की संस्कृति ही देश की दिशा तय करती है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि दिल्लीवासी एकजुट होकर एक ‘विकसित दिल्ली’ का सपना अवश्य साकार करेंगे।” उन्होंने राजधानीवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए अपील की कि सभी मिलकर प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना को और मजबूत करें, ताकि दिल्ली प्रगति और समरसता की नई मिसाल बन सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m