कुरुक्षेत्र। पिहोवा में हाईवे पर तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बस बाइक और युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस दौरान बस का टायर युवक के सिर के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए।
पेट्रोल पंप से गांव लौट रहा था युवक
युवक हाईवे स्थित पेट्रोल पंप से अपनी स्प्लेंडर बाइक में पेट्रोल डलवाकर वापस गांव जा रहा था। वह हाईवे से गांव की तरफ मुड़ रहा था। इसी दौरान पंचकूला डिपो की बस ने उसे टक्कर मार दी। यह बस अंबाला से भिवानी जा रही थी।
टक्कर इतनी गंभीर थी कि बस बाइक और युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद बस का टायर युवक के सिर के ऊपर से निकल गया। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बस सवार लोगों ने पुलिस को दी सूचना
हादसे के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। बस में सवार लोगों ने ही पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने बस नंबर के आधार पर अज्ञात बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
युवक के शव को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
7 दिन पहले था युवक का जन्मदिन
परिजनों के अनुसार, युवक का जन्मदिन हादसे से सिर्फ 7 दिन पहले 13 सितंबर को था। उसके पिता की 10 साल पहले ही मौत हो चुकी है। युवक की बहन शादीशुदा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



