अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले में आज रविवार की सुबह एक 29 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव घर में फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना नोखा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है। विवाहिता के फांसी लगाने और मौत की खबर सुनकर इलाके के लोगों में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान प्रीति कुमार के रूप में हुई है।
9 साल पहले हुई थी शादी
मिली जानकारी के अनुसार मृतका प्रीति कुमारी की शादी आज से 9 साल पहले 2017 में दीपक कुमार के साथ हुई थी। बताया जाता है कि पारिवारिक कलह में प्रीति ने खुदकुशी जैसा खौफनाक कदम उठाया है। प्रिति और दीपक की दो छोटी बच्चियां भी हैं, जो अब बिन मां की हो गई हैं। वहीं, घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
दिल्ली में रहते हैं माता-पिता
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर नोखा थानाध्यक्ष अनुज कुमार दल-बल के साथ पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गए। पुलिस ने महिला के शव को फंदे से उतारकर उसे अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष अनुज कुमार ने बताया कि मृतका के माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। कल सोमवार सुबह तक उनके रामपुर पहुंचने की संभावना है। जबकि मृतका का मायका भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव बताया गया है।
पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल हम मायके वालों के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीएम रिपोर्ट व जांच के बाद ही विवाहिता की मौत के असली वजहों का पता चल सकेगा।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: बाढ़ में लापता युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप



