कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के एक बड़े नेटवर्क का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने दमोह नाका (गोपाल सदन) के पास स्थित होटल कदंब ट्री में छापा मारकर एक शातिर युवती को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

​पकड़ी गई आरोपी युवती की पहचान पूजा रेवास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उमरिया की रहने वाली है और पेशे से डांसर बताई जा रही है। ​आरोप है कि पूजा ने ग्वारीघाट निवासी एक युवक को अपने जाल में फंसाकर गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दी और उससे 7 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम की मांग की। पैसे वसूलने के लिए आरोपी युवती ने पीड़ित के घर जाकर जमकर हंगामा और नाटक भी किया था, ताकि बदनामी के डर से युवक पैसे दे दे।

बैग से ढाई लाख बरामद

पीड़ित युवक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने प्लानिंग के तहत होटल परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही डील के तहत रकम का लेनदेन शुरू हुआ, पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर युवती को दबोच लिया। तलाशी के दौरान युवती के बैग से लगभग ढाई लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।

पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है दर्ज

जांच में सामने आया है कि आरोपी पूजा रेवास का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ उमरिया थाने में भी पहले से एफआईआर दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने नकदी जब्त कर आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस हनीट्रैप गिरोह में उसके साथ और कौन-कौन शामिल हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m