CM Nitish: बिहार की सियासत में इस समय भूचाल मचा हुआ है। सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले को लेकर जदयू के कार्यकर्ता और कई विधायक इसका विरोध कर रहे हैं। सीएम आवास एक अणे मार्ग के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई है और हालात तनावपूर्ण बना हुआ है, जिसे संभालने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

इस दौरान नालंदा के हिलसा से विधायक प्रेम मुखिया, जब सीएम आवास पहुंचे तो नाराज कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए गाड़ी पर हाथ मारने लगे। बढ़ते हंगामे को देखते हुए ड्राइवर को गाड़ी पीछे करना पड़ा और विधायक को बिना सीएम से मुलाकात के ही वहां से वापस लौटना पड़ा।

विधायक प्रेम मुखिया ने बताया कि, जब उन्हें नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा सुनने को मिली तो वे उनसे मिलने आए थे। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि नीतीश कुमार बिहार में ही रहें और वे उनसे यही आग्रह करने आए थे। लेकिन जैसे ही वे आगे बढ़े, प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी घेर ली। कार्यकर्ताओं के गुस्से को देखते हुए उन्हें वापस लौटना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना बिहार की जनता के साथ धोखा होगा। उनका कहना है कि वे किसी भी हालत में उन्हें नामांकन दाखिल नहीं करने देंगे। वहीं पुलिस लगातार लोगों को समझाने में जुटी है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

वहीं, सिटी एसपी अवधेश कुमार दीक्षित का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सीएम आवास की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। एक अणे मार्ग के बाहर अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- CM नीतीश ने बिहार की राजनीति को कहा- अलविदा, गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में आज राज्यसभा के लिए करेंगे नामांकन