बेगूसराय। जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र स्थित एनएच-333 (बी) पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। मुंगेर पुल-हीरा टोल रोड पर रघुनाथपुर गांव के पास एक अनियंत्रित कार ने 70 वर्षीय किसान बादल राय को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बादल राय सड़क पर काफी दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रघुनाथपुर वार्ड संख्या-8 के निवासी थे और खेत में मक्का की फसल देखकर घर लौट रहे थे।
आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र लोगों ने करीब एक घंटे तक नेशनल हाईवे को जाम रखा। ग्रामीणों का आरोप है कि जब से इस एनएच का निर्माण हुआ है, तेज रफ्तार वाहनों के कारण रघुनाथपुर के दर्जनों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गांव के पास तीन संवेदनशील स्थानों पर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और फरार वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
प्रशासन का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ रवि सिन्हा, सीओ सतीश कुमार और थानाध्यक्ष सिंटू कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने के लिए एनएच के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। एनएच विभाग ने एक सप्ताह के भीतर स्पीड ब्रेकर बनाने का लिखित आश्वासन दिया है, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। हालांकि, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में मांग पूरी नहीं हुई, तो वे पुनः बड़ा आंदोलन करेंगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर एफआईआर दर्ज कर ली है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

