IND vs ENG T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को सिर्फ 7 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया उन चुनिंदा टीमों में शामिल हो गई है, जिन्होंने होस्ट देश होने के बावजूद टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई, इससे पहले केवल श्रीलंका ने 2012 में यह कारनामा किया था।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन की तूफानी अर्धशतकीय पारी (42 गेंदों में 89 रन, 8 चौके, 7 छक्के) की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड को 254 रन का लक्ष्य दिया गया। जवाब में इंग्लैंड की टीम निर्धारित ओवरों में केवल 246 रन पर 7 विकेट ही बना सकी। इंग्लैंड के लिए जैकब बेथेल ने 105 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था।
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन भी बेहद प्रभावशाली रहा। हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
टी-20 वर्ल्डकप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
इस मुकाबले में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर (253 रन) बनाया। सबसे बड़ा स्कोर 260 रन है, जो 2007 में केन्या के खिलाफ श्रीलंका ने बनाया था। भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में दूसरी बार 250 रन का आंकड़ा पार किया है; इससे पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मैच में 256 रन बनाए थे।
टी20 विश्व कप के इतिहास में यह टीम इंडिया की चौथी फाइनल एंट्री है। इससे पहले भारत ने 2007 में फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था, 2014 में श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में हार का सामना किया और 2024 में साउथ अफ्रीका को हराकर चैंपियन बनी थी।
टीम इंडिया के पास एक और ऐतिहासिक मौका
फाइनल में प्रवेश के साथ टीम इंडिया के पास एक और ऐतिहासिक मौका भी है। अगर भारत फाइनल में न्यूजीलैंड को हराता है, तो वह पहली होस्ट टीम बन जाएगी, जिसने टी20 विश्व कप का खिताब जीता है। साथ ही, यह टीम पहली बार बैक टू बैक खिताब जीतने वाली टीम बनने का भी मौका पा रही है।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली बार किसी ICC टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी की और टीम को सेमीफाइनल तक ले जाने में सफल रहे। अब सभी की नजरें फाइनल पर हैं, जहां भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। टी20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया का यह सफर न केवल रोमांचक रहा, बल्कि क्रिकेट इतिहास में दर्ज होने वाला एक अहम अध्याय भी बन गया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

