Neer Dosa : नीर डोसा साउथ इंडिया की बहुत ही हल्की और पतली डिश है, जो खासतौर पर कर्नाटक के उडुपी और मैंगलुरु क्षेत्र में बहुत लोकप्रिय है. अगर बैटर सही न हो या तवा ठीक से तैयार न किया जाए तो नीर डोसा फट जाता है. इसलिए इसे बनाना थोड़ा ट्रिकी हो सकता है. लेकिन आज हम आपकी कुछ आसान टिप्स बतायेंगे, जिनसे आपका नीर डोसा बिल्कुल रेस्टोरेंट-स्टाइल बनेगा.

बैटर की सही कंसिस्टेंसी रखें

नीर डोसा का बैटर बहुत पतला होना चाहिए. चावल को 3–4 घंटे भिगोकर पीस लें. पीसते समय थोड़ा-थोड़ा पानी डालें. बैटर इतना पतला रखें कि वह छाछ जैसा लगे.
अगर बैटर ज्यादा गाढ़ा होगा तो डोसा फट सकता है.

चावल सही चुनें

नीर डोसा के लिए साधारण सफेद चावल (raw rice) इस्तेमाल करें. इससे डोसा मुलायम और पतला बनता है.

तवा सही तरीके से गरम करें

तवा मीडियम गरम होना चाहिए. बहुत ज्यादा गरम तवे पर बैटर डालेंगे तो डोसा चिपक सकता है या फट सकता है. बैटर डालने से पहले हल्का तेल या नारियल तेल लगा लें.

बैटर डालने का तरीका

नीर डोसा को फैलाया नहीं जाता. एक करछी बैटर तवे पर चारों तरफ से डालें. अपने-आप पतली परत बन जाएगी.

ढककर पकाएं

नीर डोसा को आमतौर पर एक ही साइड से पकाया जाता है. बैटर डालने के बाद 30–40 सेकंड के लिए ढक्कन लगा दें. इससे डोसा मुलायम और सही टेक्सचर का बनता है.

थोड़ा नमक और नारियल मिलाएं

बैटर में थोड़ा नमक और चाहें तो थोड़ा कद्दूकस किया हुआ नारियल मिला सकते हैं. इससे स्वाद भी अच्छा आता है और डोसा टूटता भी नहीं. हर डोसा बनाने से पहले बैटर को हल्का-सा चलाएं, क्योंकि पतला बैटर नीचे बैठ सकता है.