कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। जिले में मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने और जनसंख्या स्थिरता के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से शनिवार को सदर अस्पताल परिसर में ‘परिवार नियोजन मेला सह जागरूकता रैली’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) रेहान अशरफ ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर भारी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

​छोटा परिवार, स्वस्थ समाज की आधारशिला

​उद्घाटन के दौरान सिविल सर्जन डॉ. सुधीर कुमार ने कहा कि छोटा और संतुलित परिवार ही खुशहाल समाज की नींव है। उन्होंने जोर दिया कि परिवार नियोजन अपनाने से न केवल मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में गिरावट आती है, बल्कि परिवार का आर्थिक और सामाजिक स्तर भी सुधरता है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को स्थायी और अस्थायी साधनों के प्रति जागरूक करें और उनके मन से भ्रांतियों को दूर करें।

​20 मार्च तक चलेगा सघन अभियान

​विदित हो कि जिले में 7 मार्च से 20 मार्च 2026 तक ‘मिशन परिवार विकास अभियान’ चलाया जा रहा है। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष लक्ष्य सौंपे गए हैं। प्रत्येक एएनएम को 10 पीपीआईयूसीडी/आईयूसीडी और अंतरा सेवाएं सुनिश्चित करनी होंगी। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र में कम से कम 5 महिला बंध्याकरण, 2 पुरुष नसबंदी और 5 अंतरा इंजेक्शन जैसी सेवाएं सुनिश्चित कराने के लिए प्रेरित किया गया है।

​आधुनिक साधनों की उपलब्धता और समन्वय

​मेले में कंडोम, माला-एन और छाया जैसी गोलियों के साथ-साथ अंतरा इंजेक्शन, इम्प्लांट और कॉपर-टी जैसे आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों की जानकारी दी गई। अभियान की सफलता के लिए बाल विकास परियोजना, जीविका समूह और नेहरू युवा केंद्र का भी सहयोग लिया जा रहा है। अधिकारियों ने अपील की है कि लोग सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर एक बेहतर भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें।