MP Fire News: मध्य प्रदेश में रविवार के दिन अलग-अलग जगहों में आगजनी की खबरों से दहशत फैल गई। ग्वालियर और रतलाम में भयानक आग लगने की घटना सामने आई है। ग्वालियर में जहां एक मकान में आग लगने से करीब 6 लोग अंदर फंस गए। वहीं रतलाम में हार्डवेयर की दुकान में भी भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। 

ग्वालियर में मकान में भीषण आग

कमल वर्मा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। जहां एक मकान में भीषण आग लग गई। इस दौरान अंदर करीब 5 से 6 लोग फंस गए, जिन्हें खिड़की तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि मकान लकड़ी कारोबारी कुंज बिहारी एंड संस का है।

इस दौरान एक दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। इस काम में पुलिस समेत स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। प्रशासनिक अमला, नगर निगम, पुलिस, मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, आग लगने की वजह अब तक सामने नहीं आई है। 

रतलाम में हार्डवेयर की दुकान में भीषण आग 

सुशील खरे, रतलाम। नयागांव क्षेत्र में एक हार्डवेयर दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे की वजह से अंदर रखा प्लास्टिक का सामान जलकर राख हो गया। ऊंची-ऊंची लपटें और धुआं देखकर रहवासी दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल को इसकी सूचना दी। 1 घंटे की कड़ी मशक्कत से काबू पाया गया। 

दुकान में प्लास्टिक का सामान रखे होने की वजह से आग पर काबू पाने में दमकल की टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। औद्योगिक थाना पुलिस आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m