Bihar Weather Report: बिहार में मौसम ने अचानक से करवट ले ली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य के लगभग 27 जिलों में बारिश, तेज हवा और ठनका गिरने की संभावना जताई है। इसे लेकर विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवाओं के चलने और पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर और पूर्वी बिहार के इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है। वहीं, कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही ठनका गिरने की भी उम्मीद है।
बता दें कि सीमांचल के जिलों पूर्णिया, किशनगंज और अररिया में देर रात से ही बादल छाए हुए हैं। इन इलाकों में आज सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राजधानी पटना में भी सुबह से आसमान में बादल देखे गए और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो पूर्णिया से मुजफ्फरपुर और जमुई तक के क्षेत्रों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। इन इलाकों के साथ आसपास के कई जिलों में तेज हवा, मेघगर्जन और बारिश हो सकती है।
सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, खगड़िया और मुंगेर में तेज हवा चलने के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसलिए इन जिलों के लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
वहीं वैशाली, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय में आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इन जिलों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक बदला हुआ मौसम 11 मार्च की देर रात तक बना रह सकता है। इसके बाद 12 मार्च से मौसम के धीरे-धीरे सामान्य होने की संभावना है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

