कुंदन कुमार/पटना। बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में जारी गतिरोध के बीच उपमुख्यमंत्री सह मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग के 100 दिन पूरे होने पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने हड़ताली अंचलाधिकारियों (CO) और राजस्व अधिकारियों (RO) को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वे तुरंत काम पर नहीं लौटे, तो उनके खिलाफ निलंबन और सेवा समाप्ति जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हड़ताल के दिनों की गिनती शुरू
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार हड़ताल के हर एक दिन का हिसाब रख रही है। उन्होंने साफ लहजे में कहा, नौकरी सेवा भाव से करें। जो ढंग से काम नहीं करेंगे, उन्हें सेवा से मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की सहानुभूति को कर्मचारी उनकी कमजोरी न समझें।
भू-माफियाओं की साजिश और वैकल्पिक व्यवस्था
विजय सिन्हा ने इस हड़ताल के पीछे भू-माफियाओं की साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट तत्वों के मंसूबे सफल नहीं होंगे। कामकाज को सुचारू रखने के लिए सरकार ने अस्थायी बहाली और अन्य वैकल्पिक रास्तों पर विचार शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि NDA सरकार को मिले जनादेश का सम्मान सर्वोपरि है और इसके लिए कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटेंगे।
निलंबन की चेतावनी और मुख्यमंत्री की यात्रा
मंत्री ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा शुरू हो रही है। यदि इस दौरान भी अधिकारी काम पर नहीं लौटते हैं, तो निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सरकार अब और इंतजार करने के मूड में नहीं है।
100 दिनों की उपलब्धियां और डिजिटल पहल
विभाग की उपलब्धियों को साझा करते हुए उन्होंने ‘बिहार भूमि पोर्टल’ की शुरुआत का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि विभाग छुट्टी के दिनों में भी सक्रिय रहा है, जिसकी सराहना स्वयं मुख्यमंत्री ने की है। भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी व्यवस्था बनाना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

