अजय शास्त्री/ बेगूसराय। जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला सिंघौल थाना क्षेत्र का है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

​फिल्मी अंदाज में घेराबंदी और फायरिंग

​घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदाह 49 नंबर ढाला के पास की है। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 13 निवासी वरुण सिंह (पिता गिरजानंद चौधरी) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वरुण सिंह अपनी मोटरसाइकिल से जमीन देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वरुण सिंह को तीन गोलियां लगीं और वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।

​अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

​गोलीबारी की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल वरुण सिंह को बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​जमीनी विवाद में हत्या

​सूचना मिलते ही एसपी मनीष और सदर डीएसपी आनंद पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच के बाद डीएसपी ने बताया कि यह हत्या प्रथम दृष्टया जमीनी विवाद से जुड़ी प्रतीत हो रही है। पुलिस ने अपराधियों को चिन्हित कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। हालांकि, दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।