हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के मानपुर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस में चल रही हाई-प्रोफाइल जुआ-सट्टे की महफिल का भंडाफोड़ किया है। जिस फार्म हाउस पर छापा पड़ा वह आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य के पति अमरीश वैद्य का बताया जा रहा है। ग्रामीण डीआईजी मनोज सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 6 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि कोठी रोड स्थित इस फार्म हाउस पर देर रात लग्जरी गाड़ियों का जमावड़ा लगता है और यहां बड़े लोगों की पार्टी के नाम पर जुआ-सट्टा खेला जाता है। सूचना पुख्ता होने के बाद मानपुर पुलिस ने टीम बनाकर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही फार्म हाउस में भगदड़ मच गई, कई लोग भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर 18 लोगों को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 14 लाख रुपए नकद, 25 मोबाइल फोन, कई महंगी कारें, ताश के पत्ते और जुआ खेलने का सामान बरामद किया है। फरार हुए 6 आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और उनके संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि पकड़े गए कई आरोपी इंदौर, उज्जैन, धार, देवास और झाबुआ के रसूखदार परिवारों से जुड़े हैं। कुछ आरोपी कारोबारी बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ के राजनीतिक और प्रशासनिक संपर्क भी बताए जा रहे हैं। इसी कारण यह मामला सामने आने के बाद शहर में चर्चा तेज हो गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि जिस फार्म हाउस पर यह कार्रवाई हुई, उसका संबंध एक आईएएस अधिकारी के परिवार से बताया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस की इस कार्रवाई को सख्त और निष्पक्ष माना जा रहा है।
ग्रामीण डीआईजी मनोज सिंह ने साफ कहा है कि कानून के सामने कोई भी बड़ा नहीं है और फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को मानपुर थाने लाकर पूछताछ की जा रही है और जुआ एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज करने की कार्रवाई जारी है। पुलिस फार्म हाउस मालिक की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

