Gas Cylinder Shortage in MP: मध्य प्रदेश में अब घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर जद्दोजहद जारी है। ऑनलाइन सर्वर क्रैश हो गया। एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइन देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि गैस का नंबर नहीं लग रहा है, जिसके चलते लोग एजेंसियों पर पहुंच रहे है। होटल्स में एक-दो का स्टॉक बचा है। ठेले वालों का स्टॉक लगभग खत्म हो गया है। खाने पीने का सामान भी महंगा हो गया है। इसका सीधा असर रमजान और शादियों पर पड़ रहा है। वहीं सिलेंडर की किल्लत से कालाबाजारी भी शुरू हो गई है।

खाड़ी देशों के युद्ध की तपिश अब चौपाटी तक

दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। वैश्विक भू-राजनीतिक उथल-पुथल का असर अब स्थानीय स्तर पर भी साफ दिखाई देने लगा है। खाड़ी देशो में चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर नर्मदापुरम की प्रसिद्ध चौपाटी पर पड़ा है। जहां कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते कई दुकानदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

नर्मदापुरम की चौपाटी, जो शहर की रौनक और खान-पान का मुख्य केंद्र है, वहां वर्तमान में सन्नाटा पसरने लगा है। गैस सिलेंडर की आपूर्ति न होने के कारण कई प्रमुख दुकानें पहले ही बंद हो चुकी हैं। जिन दुकानदारों के पास थोड़ा-बहुत स्टॉक बचा है, उनका कहना है कि 1-2 दिनों में सिलेंडर खत्म होते ही वे भी अपनी दुकानें बंद करने को मजबूर हो जाएंगे। स्थानीय दुकानदारों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि वे पूरी तरह से गैस आपूर्ति पर निर्भर हैं। यदि आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई, तो उन्हें अपना घर-परिवार चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

चौपाटी पर काम करने वाले कर्मचारियों और छोटे वेंडर्स के लिए यह स्थिति किसी आपदा से कम नहीं है, क्योंकि उनकी दैनिक आय इसी व्यवसाय से जुड़ी है। ​विशेषज्ञों का मानना है कि खाड़ी देशों में तनाव के कारण कच्चे तेल और गैस के आयात-निर्यात पर बुरा असर पड़ा है। नर्मदापुरम जैसे शहरों में सिलेंडर की कमी इसी वैश्विक संकट का एक हिस्सा है। यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में खाद्य पदार्थों की कीमतों में उछाल और व्यापार में बड़ी गिरावट देखी जा सकती है।

छतरपुर में गैस की कालाबाजारी

रणधीर परमार, छतरपुर। मिडिल ईस्ट में युद्ध की वजह से गैस की किल्लत को देखते हुए कालाबाजारी शुरू हो गई है। छतरपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत का फायदा उठाते हुए रिटायर्ड शिक्षक श्यामलाल अहिरवार ने अपने घर पर सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया है। जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन वार्ड क्रमांक तीन विश्वनाथ कॉलोनी पहुंचा और घर के अंदर रखे 25 घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त किया। जिनमें से तीन गैस सिलेंडर भरे और अन्य गैस टंकियां खाली पाई गई। इसे लेकर तहसीलदार एवं खाद्य विभाग के अधिकारी ने रिटायर्ड शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m