किशनगंज। जनता दल (यूनाइटेड) ने किशनगंज जिले की कमान युवा और कर्मठ नेता फैसल अहमद को सौंपी है। पार्टी संगठन को धार देने और जमीनी स्तर पर मजबूती लाने के उद्देश्य से प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी नई सूची में फैसल अहमद के नाम पर मुहर लगाई गई है। इस घोषणा के बाद से ही जिले के राजनीतिक गलियारों और पार्टी समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
फूल-मालाओं और मिठाइयों से हुआ जोरदार स्वागत
मनोनयन की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं का तांता फैसल अहमद के आवास पर लग गया। समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं का मानना है कि फैसल अहमद का पार्टी के प्रति पुराना समर्पण और उनकी सक्रियता जिले में जदयू को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। सोशल मीडिया पर भी उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
’संगठन और युवाओं को जोड़ना प्राथमिकता’
जिम्मेदारी मिलने के बाद फैसल अहमद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सबसे बड़ी चुनौती और प्राथमिकता संगठन का विस्तार करना है। उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य जिले के हर गांव और पंचायत तक पार्टी की विचारधारा को ले जाना है। हम युवाओं और आम लोगों को जदयू से जोड़कर एक मजबूत टीम खड़ी करेंगे।”
विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की फेहरिस्त लंबी है। इन जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए संगठन एक सेतु का काम करेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर और आपसी समन्वय के साथ चुनावी मिशन में जुटने की अपील की।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

