Saran Gang Rape Murder Case: सारण के डोरनी में कक्षा दसवीं की छात्रा के साथ कथित गैंगरेप और हत्या के मामले में सांसद पप्पू यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। पप्पू यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- छपरा की बेटी के साथ हुई भयावह घटना में पुलिस मृतक बेटी और उनके परिजनों को कलंकित करने से बाज आए।
पप्पू यादव ने कहा कि, बिहार पुलिस की आदत हो गई है, जब किसी बेटी पर जुल्म होता है, तो उनके चरित्र पर सवाल उठा देती है और उनके परिजनों को कटघरे में खड़ा कर देती है। सांसद ने कहा कि, इसको बर्दाश्त नहीं करेंगे मजबूती से लड़ेंगे।
कुएं से बरामद हुआ था छात्रा का शव
दरअसल 11 मार्च को जिले के डोरनी इलाके में नाबालिग छात्रा का शव कुएं से बरामद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि गांव के पांच युवक छात्रा को जबरन उठाकर ले गए। इसके बाद सभी ने उसके साथ गैंगरेप किया। इधर छात्रा को खोज रही उसकी मां की आवाज सुनकर आरोपियों ने छात्रा को एक कुंए में फेंक दिया, जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गई। मामले में पीड़िता की मां ने गांव के ही नामजद पांच युवकों पर हत्या और गैंगरेप का आरोप लगाया है।
सारण पुलिस का बयान
घटना पर सारण पुलिस का बयान भी सामने आया है। जिला पुलिस ने आज रविवार (15 मार्च) को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सोनपुर के नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि, 11 मार्च को लगभग 16:45 बजे थानाध्यक्ष डेरनी को सूचना मिली कि थाना क्षेत्रे में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और कार्रवाई में जुट गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घटनास्थल पर नाबालिग का शव कुएं से बाहर निकालकर रखा हुआ था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार यह घटना 2:30 बजे दिन में घटित हुई थी।
पीड़िता के माता-पिता व एक ग्रामीण ने बताया कि, छात्रा की मौत कुएं में धकेले जाने से हुई है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं, मौके पर एफएसएल टीम द्वारा भी घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच की गई।
गांव की महिला ने बताई दूसरी कहानी
पुलिस ने बताया कि, घटनास्थल एकांत स्थान पर स्थित है। जांच के क्रम में घटनास्थल से लगभग 30 फीट दूरी पर रहने वाली ग्रामीण महिला द्वारा बताया गया कि, मृतका की माता ने उन्हें फोन कर पूछा कि क्या उनकी बेटी वहां है? इस पर उन्होंने जाकर देखा तो बताया कि लड़की वहां आई हुई है। इसके पश्चात मृतका की माता एवं उसकी बहन वहां पहुंचीं, जहां टूटे हुए घर में कमल मांझी उर्फ राजकिशोर मांझी का पुत्र एवं उसकी लड़की मौजूद थे। कुछ ही देर में अन्य ग्रामीण भी वहां एकत्रित हो गए। इसी दौरान आपाधापी की स्थिति में पकड़ा गया आरोपी वहां से भाग गया, जिसके पश्चात लड़की कुएं में कैसे गिरी, यह स्पष्ट नहीं हो सका। इसी प्रकार का मिलता-जुलता बयान घटनास्थल से लगभग 20 फीट दूरी पर रहने वाले एक ग्रामीण व्यक्ति द्वारा दिया गया है।
आरोपी ने मिलने की बात स्वीकार की
पुलिस ने बताया कि, जांच के क्रम में नामजद अभियुक्त युवराज कुमार, पिता राजकिशोर मांझी उर्फ कमल मांझी, की गिरफ्तारी की गई है। पूछताछ के क्रम में अभियुक्त द्वारा घटनास्थल पर अपनी उपस्थिति स्वीकार की गई है तथा बताया गया है कि मृतका एवं वह एक ही गांव के निवासी हैं। दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत होती थी तथा पूर्व से एक-दूसरे को जानते थे। घटना के दिन भी दोपहर में दोनों के बीच बातचीत हुई थी।
छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या निकला?
पुलिस ने बताया कि छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है। छपरा के सदर अस्पताल की ओर से 14 मार्च 2026 को जारी रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट नहीं पाई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा की मौत पानी में डूबकर दम घुटने (अस्फिक्सिया) के कारण हुई है। पोस्टमार्टम के दौरान छात्रा का वजाइनल स्वैब भी लिया गया था। इसकी जांच RR लैबोरेटरी में की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में कोई भी स्पर्म (न जीवित और न ही मृत) नहीं पाया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

