कुंदन कुमार, पटना। बिहार में 5 सीटों पर हो रहे राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार विधानसभा में आज सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। जो शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। मतदान के लिए विधायकों के विधानसभा भवन पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। एनडीए के विधायक अपने-अपने दल के निर्देश पर विधानसभा पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस के 3 विधायक लापता!
एक तरफ, जहां एनडीए विधायकों के विधानसभा पहुंचने का सिलसिला जारी है। वहीं, दूसरी ओर 5वीं सीट पर जीत की जुगाड़ में लगे तेजस्वी यादव के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल राज्यसभा चुनाव के महागठबंधन के विधायकों को एकजुट करने की तमाम कोशिश के बीच कांग्रेस के तीन विधायक अभी भी तेजस्वी यादव व अन्य नेताओं की रडार से दूर हैं। उनके मोबाइल भी बंद आ रहे हैं, उनसे किसी भी प्रकार का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।
बसपा विधायक भी महागठबंधन के संपर्क से दूर
राज्यसभा की 5वीं सीट पर जीत की उम्मीद लगाए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अभी भी पनाश होटल में बैठक कर रहे हैं। उनके साथ महागठबंधन के कई विधायक तो मौजूद हैं। लेकिन चिंता वाली बात यह है कि जहां कांग्रेस के 3 विधायकों से अभी भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं, बसपा के एक मात्र विधायक सतीश यादव भी महागठबंधन के संपर्क में नहीं है। एक तरफ जहां एनडीए के विधायकों ने मतदान करना भी शुरू कर दिया है। वहीं, तेजस्वी अभी भी महागठबंधन के विधायकों को एक साथ लाने और वोटिंग कराने के प्रयास में लगे हुए हैं।
ढह जाएगा विपक्ष का कुनबा- संजय कुमार पासवान
मतदान करने पहुंचे बिहार सरकार में मंत्री संजय कुमार पासवान ने कहा कि, हम लोग एकजुट हैं। विपक्ष का कुनबा ढह जाएगा। वे डरे हुए हैं, अपने विधायकों को बंद करके रखा था। दो-चार तो भाग भी गए… हम क्यों घबराएंगे? क्या हमने अपने विधायकों को होटल में बंद किया था?
जीत को लेकर संशय नहीं- विजय चौधरी
वहीं, बिहार सरकार में मंत्री और JDU नेता विजय चौधरी ने कहा कि, चुनाव हो रहे हैं और नतीजे भी स्पष्ट हैं। पांचों NDA के उम्मीदवार प्रबल और प्रचंड बहुमत से जीतेंगे। किसी को कोई संशय नहीं है। ये भी स्पष्ट है कि कुछ दलों को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है, कोई होटल में कैद है, कहीं दूसरी जगह ले जाए गए हैं, लेकिन NDA के सभी विधायक स्वच्छंद घूम रहे हैं और पांचों कार्यकर्ताओं, नेताओं और विधायकों पर पूरा भरोसा है। यही हमारी जीत सुनिश्चित करेगी। क्रॉस वोटिंग के सवाल पर उन्होंने कहा, क्रॉस वोटिंग की उम्मीद नहीं की जाती, वो तो खास परिस्थिति विशेष में हो जाता है।
ये भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह का हुआ तबादला, सियासी हलचल तेज
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

