Bilaspur News Update : बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम ऊनी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोठी डी पारा निवासी घासीराम राज (70 वर्ष) अपने परिचित किशन उर्फ रामू ठाकुर और कार्तिक राम मरावी के साथ मोटरसाइकिल से बेटी श्यामा राज की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले थे। बेटी की शादी 30 मार्च को तय थी और इसी सिलसिले में तीनों आसपास के गांवों में निमंत्रण देने गए थे। गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे तीनों कार्ड बांटकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम ऊनी के तिराहा सोसायटी के पास मेन रोड पर सामने से आ रही बाइक सीजी 10 बी एक्स 4725 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घासीराम राज को गंभीर हालत में पीएचसी सीपत लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए बलौदा अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में मर्ग क्रमांक 17/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है। इस दुखद घटना के बाद ग्राम सोठी में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बेटी की शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, उसी घर से पिता की अर्थी उठने से पूरा गांव गमगीन हो गया। खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।
घर घुसकर महिला से दुष्कर्म,आरोपी गिरफ्तार
सक्ती। थाना सक्ती क्षेत्र में घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने थाना सक्ती में लिखित शिकायत दर्ज दिन सुबह लगभग 9 बजे उसके सास-ससुर बाहर गए हुए थे। उस समय वह घर पर अकेली थी और घर का काम कर रही थी। इसी दौरान बसंतपुर निवासी अजय पटेल (29 वर्ष) उसके घर में घुस आया और उसे जबरन पकड़कर कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर उसके पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (1) एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अजय पटेल पिता सुदर्शन पटेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी बसंतपुर थाना सक्ती को 15 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखनलाल पटेल के नेतृत्व में उप निरीक्षक नीलमणि कुसुम, आरक्षक यादराम चंद्रा, शैलेन्द्र देवांगन, हेमंत केसरिया तथा महिला आरक्षक सुलेखा कश्यप सहित थाना स्टाफ की भूमिका रही।
5 दिनों के विशेष अभियान में 246 वारंटों की तामिली
रायगढ़। फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए जिले में चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 10 मार्च से 15 मार्च तक चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस ने 141 स्थायी वारंट और 105 गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए कुल 246 वारंटों का निष्पादन किया है। इस विशेष अभियान में कोतवाली पुलिस ने मारपीट मामले के फरार आरोपी अभिषेक ठाकुर तमनार पुलिस ने गांजा तस्कर मिथुन सा जैसे गंभीर मामलों में फरार आरोपियों को पड़कर जेल भेजा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा क्राइम मीटिंग में प्रत्येक माह 10 से 15 तारीख के बीच विशेष अभियान चलाकर लंबित वारंटों और फरार आरोपियों की अधिक से अधिक तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की टीमों द्वारा लगातार दबिश और पतासाजी कर वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान थाना कोतवाली पुलिस को विशेष सफलता मिली, जहां उड़ीसा के दो शातिर स्थायी वारंटी दशरथ विश्वाल निवासी लखनपुर रेंगाली (उड़ीसा) तथा सरोज बेहरा निवासी रेंगाली (उड़ीसा) को गिरफ्तार किया गया। वारंटी दशरथ विश्वाल के विरुद्ध थाना कोतवाली में 20 स्थायी वारंट तथा थाना चक्रधरनगर में 17 स्थायी वारंट जारी थे। इसी प्रकार सरोज बेहरा के विरुद्ध थाना कोतवाली में 17 स्थायी वारंट और थाना चक्रधरनगर में 2 स्थायी वारंट लंबित थे। दोनों वारंटी अपना प्रभावशाली व्यक्तियों का परिचय देकर किस्तों में ट्रैक्टर खरीदते थे और भुगतान न कर फरार हो जाते थे, जिसके कारण न्यायालय द्वारा उनके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किए गए थे। कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने दोनों वारंटियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सरोज बेहरा को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दशरथ विश्वाल को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
झाड़-फूंक के बहाने घर से नगदी और जेवर पार करने वाली महिला गिरफ्तार
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कुकदा में झाड़-फूंक के बहाने घर से नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले में दो साल से फरार महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। ग्राम कुकदा बजरंग चौक निवासी मनीषा कानगो (19) ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 8 दिसंबर 2023 की रात उसके पिता अनिल कानगो और माता गोंदा बाई ने झाड़-फूंक के लिए जनक राम साँरा और उसकी पत्नी को ग्राम जाली थाना रतनपुर से बुलाया था। झाड़-फूंक के दौरान घर में रखी एक पेटी में 50 हजार रुपए नकद, एक जोड़ी चांदी की पायल (लगभग 40 ग्राम), एक जोड़ी बिछिया, दो सोने की फुली और दो चांदी की अंगूठियां रखकर ताला बंद किया गया था। झाड़-फूंक के दौरान जनक राम साँरा ने परिवार को नींबू देकर आंगन और घर के आसपास गाड़ने के लिए कहा। कुछ देर बाद वह अपनी पत्नी के साथ यह कहकर चला गया कि रात भर दीपक जलते रहने देना और पेटी नहीं खोलना। सुबह जब पेटी खोली गई तो उसमें रखे नकदी और जेवर गायब मिले। कुल मिलाकर लगभग 60 हजार रुपए की चोरी हो चुकी थी। रिपोर्ट पर सीपत थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जनक राम साँरा की मृत्यु हो चुकी है, जबकि उसकी पत्नी झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई (55) जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई है।
ग्राम बनियाडीह में पकड़ी गई महिला
14 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र की कुछ महिलाएं ग्राम बनियाडीह में घूम रही हैं। पुलिस ने महिला आरक्षक के साथ मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपिया ने गलत नाम-पता बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम झुनिया बाई उर्फ शांति बाई पति स्व. जनक राम सौंरा, निवासी जाली थाना रतनपुर (हाल मुकाम सौरा मोहल्ला, चकरभाठा) बताया। पुलिस ने मामले में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कलेक्टर ने 12वीं बोर्ड परीक्षा और स्कूल निर्माण कार्यों का लिया जायजा
सारंगढ़-बिलाईगढ़ ।कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बरमकेला स्थित पीएमश्री आत्मानंद स्कूल में आयोजित 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी विषय के प्रश्न पत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में चल रहे पीएमश्री आत्मानंद स्कूल के निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को कार्य को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने नई शिक्षा नीति 2020 के सभी आयामों को विद्यालय में शत-प्रतिशत लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार पीएमश्री विद्यालय से जुड़े सभी नियमों और निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने शिक्षकों को समय पर विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश देते हुए कहा कि पीएमश्री स्कूल एक मॉडल स्कूल है, इसलिए यहां की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का अनुसरण अन्य विद्यालय भी करेंगे निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का भी जायजा लिया। विद्यालय में साफ-सफाई और व्यवस्थित वातावरण को देखकर उन्होंने प्राचार्य सहित पूरे स्टाफ की सराहना की। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा एवं सेजेस जिला नोडल अधिकारी नरेश कुमार चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आकाशीय बिजली गिरने से पंच की मौत
जशपुरनगर। रविवार की शाम अचानक बदले मौसम ने ग्राम पंचायत चम्पा में एक ददर्नाक हादसे को जन्म दे दिया। तेज गरज-चमक के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वार्ड क्रमांक 16 की वार्ड पंच जासिंता पैकरा पति-कलिंद पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में मातम छा गया। मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई, जिसकी चपेट में जासिंता पैकरा आ गईं। बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उन्हें संभलने का भी मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीण स्तब्ध रह गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और हर कोई इस घटना से गहरे दुख में डूबा हुआ है। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं ग्रामवासियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
खाद्य विभाग की कार्रवाई : पामगढ़ क्षेत्र के होटलों-ढाबों पर छापा, 11 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
जांजगीर चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार खाद्य विभाग की टीम ने पामगढ़, शिवरीनारायण एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न होटलों और ढाबों में दबिश देकर “द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000” के उल्लंघन के मामले पाए गए, जिन पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कार्रवाई के दौरान शेरगढ़ फैमिली रेस्टोरेंट एवं ढाबा से 03 घरेलू गैस सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर एवं गैस पाइप जब्त किए गए। एल.के. होटल, मेउभाटा से 02 घरेलू गैस सिलेंडर (एक भरा एवं एक खाली), गैस चूल्हा, रेगुलेटर तथा पाइप जब्त किया गया। इसी प्रकार बाबा कैफे एण्ड पराठा हाउस से 02 घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम क्षमता वाले), रेगुलेटर, पाइप एवं दो मुंहे वाला गैस चूल्हा जब्त किया गया। ब्रदर्स कैफे एण्ड फैमिली रेस्टोरेंट से 02 घरेलू गैस सिलेंडर (एक भरा व एक खाली) तथा रेगुलेटर जब्त किया गया, वहीं भैयाजी रेस्टोरेंट से 02 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर और रेगुलेटर-पाइप जब्त किए गए।
इस कार्रवाई में कुल 11 घरेलू गैस सिलेंडर के साथ गैस चूल्हा, प्रेशर रेगुलेटर एवं गैस पाइप जब्त किए गए। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में नियमों के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

