रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में आग लगने की दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक बताया है।

मुख्यमंत्री साय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता उनके साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करें।

इसे भी पढ़ें – Odisha Medical College Fire: ओडिशा के कटक में सरकारी हॉस्पिटल में आग से 10 मरीजों की मौत, SCB मेडिकल कॉलेज के 11 कर्मचारी भी झुलसे, CM मोहन चरण मांझी घटनास्थल पर पहुंचे, 25-25 लाख मुआवजे का ऐलान किया

ओडिशा के मुख्यमंत्री मांझी ने बताया कि कि हादसे के वक्त वार्ड में 23 मरीज भर्ती थे। बचाव अभियान से पहले ही वार्ड के अंदर 7 लोगों की मौत हो गई। बचाए जाने के बाद 3 लोगों की मौत चोटों और धुएं के कारण हुई। कुल मिलाकर 10 लोगों की मौत हुई। कम से कम पांच मरीज गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज करा रहे अस्पताल के दो कर्मचारी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैसे लगी आग?

शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ICU के एयर कंडीशनिंग सिस्टम या किसी मेडिकल उपकरण में इलेक्ट्रिकल शॉर्ट सर्किट की वजह से ये आग लगी होगी। सरकार ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में ये भी पता लगाया जाएगा कि क्या अस्पताल में फायर सेफ्टी प्रोटोकॉल के पालन में कोई लापरवाही बरती गई थी।