प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में करीब दो महीने पहले हुए डांस टीचर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 56 दिनों तक चली गहन जांच, हजारों मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, शिक्षक छात्र पर अननेचुरल संबंध बनाने का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर नाबालिग ने वारदात को अंजाम दिया।

दरअसल 17 जनवरी 2026 को थाना कवर्धा क्षेत्र के लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क पर एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें युवक के गले में चाकू से वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान सत्यमदास मानिकपुरी (27 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 26 घोठिया रोड कवर्धा के रूप में हुई, जो पेशे से डांस शिक्षक था और पांडातराई क्षेत्र के एक निजी स्कूल में बच्चों को डांस सिखाता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया और हर संभावित एंगल से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान लगभग 50 हजार मोबाइल नंबरों के कॉल डाटा का तकनीकी विश्लेषण किया गया और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा मृतक के परिचितों और क्षेत्र के 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही कई संदिग्धों को भी थाने लाकर पूछताछ की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के तहत सोशल मीडिया गतिविधियों और इंस्टाग्राम सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी परीक्षण किया। लगातार जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस का संदेह एक विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक पर गया। पूछताछ में सामने आया कि मृतक और नाबालिग के बीच पिछले तीन महीनों से जान-पहचान थी। आरोप है कि मृतक सत्यमदास नाबालिग पर अननेचुरल संबंध बनाने का दबाव बना रहा था और मना करने पर बार-बार ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे परेशान होकर नाबालिग ने हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन नाबालिग ने व्हाट्सएप कॉल कर सत्यमदास को अपने पास बुलाया और स्कूटी से उसे घटना स्थल तक ले गया। वह पहले से ही अपने साथ चाकू लेकर निकला था। मौके पर पहुंचते ही उसने सत्यमदास के गले पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल फोन और सिम कार्ड नदी में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी, चाकू, खून से सने कपड़े और नदी में फेंका गया मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जबकि सिम कार्ड की तलाश जारी है। पुलिस ने नाबालिग के मोबाइल की जांच भी की, जिसमें अपराध और मनोविज्ञान से जुड़े कई इंटरनेट सर्च सामने आए हैं। फिलहाल कबीरधाम पुलिस ने विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।