गया। जिले में सोमवार की देर रात सरेराह अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतारने की कोशिश की। वारदात तब हुई जब युवक अपने घर से महज 500 मीटर की दूरी पर था। अपराधियों ने उसे घेरकर कंधे पर गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।
वारदात का घटनाक्रम
मृतक की पहचान डेल्हा थाना अंतर्गत धनिया बगीचा निवासी अविनाश कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 बजे अविनाश कहीं से अपने घर लौट रहा था। घर पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले, घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली अविनाश के कंधे के पास लगी, जिससे वह घटनास्थल पर ही बेसुध हो गया। हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
प्रेम-प्रसंग और अंतरजातीय विवाह का मामला
स्थानीय चर्चाओं और प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस हमले के तार प्रेम-प्रसंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। अविनाश ने कुछ समय पहले दूसरे समाज की एक युवती से विवाह किया था। इस विवाह से युवती के परिजन काफी नाराज थे और लगातार विरोध कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के कारण अविनाश को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने अविनाश को तत्काल मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डेल्हा थाना प्रभारी इंद्रदेव इंद्र ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है। फिलहाल मुख्य संदेही करण नाम के युवक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

