बेगूसराय। जिले में एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला वीडियो सामने आया है। नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के वनद्वार में 13 मार्च की रात एक बारात के दौरान युवकों ने न केवल सरेआम हथियार लहराए, बल्कि बिहार में प्रतिबंधित शराब का भी खुलेआम प्रदर्शन किया।

​हथियार और शराब के साथ ‘रील’ का जुनून

​सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बैंड-बाजे की धुन पर नाचते युवकों के बीच एक युवक हाथ में कट्टा लहरा रहा है। उसे न तो पुलिस का डर है और न ही कानून का। वहीं, एक अन्य युवक हाथ में शराब की बोतल लेकर ठुमके लगा रहा है। जश्न के नाम पर रील बनाने के चक्कर में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं।

​जातिगत गानों पर वर्चस्व का प्रदर्शन

​इस घटना का एक और चिंताजनक पहलू बैकग्राउंड में बज रहे गाने हैं। वीडियो में ‘गोली चलेला भूमिहार के बाराती में’ जैसे जाति विशेष गानों के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और वर्चस्व दिखाने की कोशिश की गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस दौरान हर्ष फायरिंग की भी चर्चा है, हालांकि वीडियो में इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

​पुलिस की कार्रवाई और बढ़ता खतरा

​थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में है और युवकों की पहचान की जा रही है। बेगूसराय में बढ़ती यह ‘हथियार संस्कृति’ पुलिस के लिए सिरदर्द बनी हुई है। सख्ती के बावजूद रुतबा दिखाने के नाम पर हो रही ऐसी घटनाएं किसी बड़े हादसे को दावत दे रही हैं।