रायगढ़। जिले में रहने वाली नाबालिग से इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवक ने दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने नाबालिग को धमकी देकर 10 हजार रुपये वसूल लिए। इसकी शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को 17 वर्षीय बालिका अपने परिजनों के साथ महिला थाना पहुंची। किशोरी ने बताया कि उसकी पहचान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी टाड़ीपार में रहने वाले उध्दव दास महंत (21) से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत शुरू हुई। कुछ समय बाद आरोपी उसे घुमाने के बहाने अपने किराए के मकान में ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संंबंध बनाया।

आरोपी ने दोबारा पीड़िता से संपर्क कर उसे डराया-धमकाया और 10 हजार रुपये की मांग की। डर के कारण पीड़िता ने उसे रकम दे दी। बाद में जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो वे पीड़िता को लेकर महिला थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

