अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले में एक शादी समारोह के दौरान एक युवक खुलेआम हाथ में हथियार लेकर भोजपुरी गाने पर डांस कर रहा है। वहीं, दूसरी युवक हाथ में शराब की बोतल लेकर झूमता नजर आ रहा है। खुलेआम हाथ में हथियार एक युवक और दूसरा युवक शराब की बोतल लेकर डांस करने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगा है।

युवक का ‘कट्टा डांस’ वायरल

बीच सड़क पर हाथ में हथियार और शराब की बोतल लहरा रहे दोनों युवक को कानून का खौफ कहीं से भी नजर नहीं आ रहा है। घटना नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के वनद्वार की है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 13 मार्च की है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बारात में बैंड-बाजे की धुन पर कई युवक झूम रहे हैं। इसी दौरान काले रंग की शर्ट पहने एक युवक जोश में आकर हाथ में हथियार (कट्टा) लहराने लगता है। बिना किसी डर के कैमरे के सामने हथियार का प्रदर्शन कर रहा है।

जातिगत वर्चस्व दिखाने वाले गाने पर डांस

हैरानी की बात यह भी है कि इसी जश्न में एक अन्य युवक भी दिखाई दे रहा है, जिसके हाथ में कथित तौर पर शराब की बोतल नजर आ रही है। वह बोतल लहराते हुए गानों की धुन पर ठुमके लगा रहा है। जो शराबबंदी वाले बिहार में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। और बैकग्राउंड में बज रहे गानों के बोल भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। वीडियो में ‘अरे ना ए दादा नाचे जाइब बाराती में, गोली चलेला भूमिहार के बाराती में’ और ‘हई भूमिहार जिला। जैसे गाने बज रहे हैं। इन गानों के जरिए जातिगत वर्चस्व दिखाने की कोशिश की जा रही है, जो सामाजिक सौहार्द के लिए भी चिंता का विषय है।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में दिख रहे युवक बेखौफ अंदाज में रील बनवाते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच इस बात की चर्चा है कि शादी के दौरान हर्ष फायरिंग भी हुई थी, हालांकि वायरल वीडियो में सीधे तौर पर गोली चलने की आवाज या दृश्य स्पष्ट नहीं है। फिलहाल इस वायरल वीडियो होने के बाद नीमा चांदपुरा थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि, मामला उनके संज्ञान में आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की जांच और युवकों की पहचान की जा रही है।

ये भी पढ़ें- वैशाली में मुखिया पति पर जानलेवा हमला: घर से चंद कदम पहले घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने की फायरिंग, बाल-बाल बची जान