Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (19 मार्च 2026) की खबरों में पालम अग्निकांड: सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और मजिस्ट्रेट जांच का ऐलान, दिल्ली का ऐतिहासिक ‘लोहे का पुल’ ट्रेनों के लिए बंद, दिल्ली में दिनदहाड़े गुंडागर्दी: महिला पर पिस्तौल की बट से हमला, उत्तम नगर तनाव: ईद पर ‘खून की होली’ धमकी पर भड़के असदुद्दीन ओवैसी, दिल्ली में शराब नीति एक साल के लिए बढ़ी, मौजूदा लाइसेंस नियम लागू रहेंगे प्रमुख रहा।

पालम अग्निकांड: सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और मजिस्ट्रेट जांच का ऐलान
पश्चिमी दिल्ली के पालम इलाके में बहुमंजिला आवासीय इमारत में लगी भीषण आग ने 9 लोगों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं, ताकि आग लगने के कारणों और किसी भी प्रकार की लापरवाही की पूरी जांच की जा सके। साथ ही, मृतकों के परिवारों को वित्तीय सहायता देने की घोषणा भी की गई है। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने घटना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

दिल्ली का ऐतिहासिक ‘लोहे का पुल’ ट्रेनों के लिए बंद
दिल्ली में यमुना नदी पर बने ऐतिहासिक ‘लोहे का पुल’ को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। आज से इस पुल पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। अब रेल यातायात को पास में बने नए रेलवे पुल पर शिफ्ट किया जा रहा है, जो पुराने लोहे के पुल के ठीक बगल में तैयार किया गया है। यह पुल ब्रिटिश काल में बनाया गया था और लंबे समय तक दिल्ली के रेल और सड़क यातायात का अहम हिस्सा रहा। हालांकि, समय के साथ यह पुल जर्जर हो चुका है और इसकी निर्धारित मियाद कई साल पहले ही पूरी हो चुकी थी। नए निर्णय के बाद अब इस ऐतिहासिक पुल पर सिर्फ सड़क यातायात ही संचालित होगा, जबकि ट्रेनों को पूरी तरह नए पुल पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

दिल्ली में दिनदहाड़े गुंडागर्दी: महिला पर पिस्तौल की बट से हमला
दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक महिला पर हमला कर उसका सोने का कंगन लूट लिया और मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता अपनी बेटी को स्कूल बस तक छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। तभी दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने उसे घेर लिया। महिला ने जब लूट का विरोध किया, तो बदमाशों ने पिस्तौल की बट से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

उत्तम नगर तनाव: ईद पर ‘खून की होली’ धमकी पर भड़के असदुद्दीन ओवैसी
दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बढ़ते सांप्रदायिक तनाव के बीच असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने कथित ‘खून की होली’ धमकियों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और सख्त कार्रवाई की मांग की। ओवैसी ने लिखा, “उत्तम नगर में दिल्ली पुलिस की नाक के ठीक नीचे नफरत फैलाने का अभियान चल रहा है, फिर भी इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। यह पुलिस की जिम्मेदारी है कि हर नागरिक सुरक्षित महसूस करे, लेकिन इलाके में साफ तौर पर हिंसा का माहौल बन रहा है।”

दिल्ली में शराब नीति एक साल के लिए बढ़ी, मौजूदा लाइसेंस नियम लागू रहेंगे
दिल्ली में नई आबकारी नीति अभी तैयार नहीं होने के कारण सरकार ने मौजूदा शराब नीति को एक साल के लिए विस्तार देने का फैसला किया है। पहले यह नीति 31 मार्च 2026 को समाप्त होने वाली थी, लेकिन अब इसे 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दिया गया है। सरकार ने यह कदम शराब विक्रेताओं और लाइसेंसधारकों को स्थिरता प्रदान करने के लिए उठाया है। इसके साथ ही, नई नीति तैयार करने के लिए अभिप्रेरणा और नियमावली पर काम जारी है, लेकिन फिलहाल कोई नई घोषणा नहीं की गई है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली HC ने उत्तम नगर में दिए सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश: दिल्ली हाई कोर्ट ने ईद पर हिंसा की आशंका के चलते उत्तम नगर इलाके में पुख्ता इंतज़ाम करने के लिए दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए हैं. दिल्ली हाई कोर्ट ने पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है. साथ ही राम नवमी के त्योहार तक पुलिस इंतजाम बनाए रखने का भी निर्देश दिया है. दिल्ली हाईकोर्ट मामले में अगली सुनवाई 6 अप्रैल को करेगी. (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने एक अहम टिप्पणी करते हुए कहा है कि आज के समय में आत्महत्या सभ्य समाज की एक गंभीर और बढ़ती समस्या बनती जा रही है। जस्टिस विमल कुमार यादव की बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि बढ़ता मानसिक तनाव, सामाजिक दबाव और परिवारिक सहयोग तंत्र का कमजोर होना लोगों को इस तरह के चरम कदम उठाने के लिए प्रेरित कर रहा है। यह टिप्पणी उस मामले की सुनवाई के दौरान की गई, जिसमें एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया था। (पढ़े पूरी खबर)
पत्नी से परिवार की देखभाल में मदद मांगना ‘क्रूरता’ नहीं: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि पति या ससुराल वालों द्वारा पत्नी से परिवार के अन्य सदस्यों की देखभाल में मदद करने के लिए कहना अपने आप में क्रूरता नहीं माना जा सकता। जस्टिस नीना बंसल की सिंगल बेंच ने यह टिप्पणी करते हुए एक महिला की शिकायत पर दर्ज FIR और उससे जुड़ी कानूनी कार्यवाही को रद्द कर दिया। यह मामला उस शिकायत से जुड़ा था, जिसमें पत्नी ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ धारा 498A IPC, धारा 406 IPC और घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 के तहत केस दर्ज कराया था। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में झमाझम बारिश से बदला मौसम का मिजाज: दिल्ली में गुरुवार सुबह से ही मौसम ने करवट ली और राजधानी मसूरी जैसा सुहाना मौसम देखने को मिला। तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे पूरे शहर में ठंडी हवा और उमस भरा वातावरण बना। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश के चलते कई चौराहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या भी देखने को मिली। लोगों ने मौसम को सुखद बताते हुए बारिश का आनंद लिया, वहीं ड्राइविंग और सड़क यातायात में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बुधवार के बाद गुरुवार को भी बारिश का दौर जारी रहा है। तेज बारिश ने दिल्ली को भिगोया। इस दौरान बारिश से ज्यादा हवाओं का असर दिखा, करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। धूल भरी आंधी ने भी लोगों को परेशान किया। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

