पटना। राजधानी के दानापुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने एक युवक की सरेराह बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान तकियापर निवासी विनय कुमार सिंह के पुत्र बिट्टू उर्फ ‘पालकियां’ के रूप में हुई है। वह दिल्ली में ट्रक चालक था और महज तीन दिन पहले ही अपनी बहन की शादी में शामिल होने घर आया था। 1 मई को होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब घर में चीख-पुकार मची है।

​भीड़ ने घेरकर किया हमला

​घटना गुरुवार देर शाम की है। तकियापर पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर करीब एक दर्जन हमलावरों ने बिट्टू को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उसे बेरहमी से पीटना शुरू किया। इतने से भी मन नहीं भरा तो अपराधियों ने ईंट-पत्थरों से उसका सिर बुरी तरह कुचल दिया। वारदात के बाद इलाके में भगदड़ मच गई और दहशत के कारण दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। घायल बिट्टू को तुरंत पटना के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

​पुलिस और FSL की तफ्तीश

​वारदात की सूचना मिलते ही दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और वह जेल भी जा चुका है, हालांकि हत्या के सटीक कारणों का पता परिजनों के विस्तृत बयान के बाद ही चलेगा।

​सड़क पर प्रदर्शन और तनाव

​बेटे की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों ने शुक्रवार को दानापुर-गांधी मैदान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। तकियापर गांधी मूर्ति के पास शव रखकर लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक चले हंगामे और पुलिस के कड़े आश्वासन के बाद कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जाम हटाया गया। फिलहाल पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।