अतीश दीपंकर/भागलपुर। जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत सन्हौला थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई है। यहां सन्हौला-जगदीशपुर मुख्य मार्ग पर कमालपुर और काठबन गांव के बीच एक भारी सामान लदे 18 चक्का ट्रक और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित होकर तीन वाहन सड़क किनारे 10 से 15 फीट गहरे बांध में जा गिरे।
केबिन में फंसा रहा ड्राइवर
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल होकर केबिन के मलबे में ही फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ड्राइवर को बाहर निकालने के लिए प्रशासन को जेसीबी (JCB) मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत सन्हौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सड़क पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी। भिड़ंत होते ही ऐसा जोरदार धमाका हुआ कि आसपास के ग्रामीण सहम गए। वाहनों के परखच्चे उड़ चुके थे और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना के कारण सन्हौला-जगदीशपुर मार्ग पर काफी देर तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया।
लापरवाही बनी हादसे का सबब
शुरुआती अनुमान के अनुसार, यह हादसा तेज गति और चालक के नियंत्रण खो देने के कारण हुआ है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया जारी है।
ग्रामीणों में आक्रोश
इस क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों से स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश और चिंता है। लोगों का कहना है कि ओवरस्पीडिंग और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही के कारण यह मार्ग डेथ जोन बनता जा रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएं और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

