शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कचरे से सड़क निर्माण मामले में सियासी पारा चढ़ गया है। मामले में जहां कांग्रेस ने सरकार को घेरा है, वहीं बीजेपी ने भी पलटवार किया है। ग्रामीणों के विरोध और सियासत पर (NHAI) नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भी सफाई दी है।
टैक्स और कर्ज के पैसे से करप्शन
मामले पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने कहा- बीजेपी के राज में अजूबे की तरह सड़क बन रही है। 3 महीने भी नहीं टिक पा रहे नेशनल हाईवे और सड़कें। बीजेपी जनता के टैक्स और कर्ज के पैसे से करप्शन और क्राइम कर रही है। तय मानकों पर सड़कें व पुल नहीं बन रही है। कई जगहों पर गिरे पुल मगर विभागीय मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती है।
गड़बड़ी होने पर ठेकेदार पर जुर्माना
बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है। कहा-सड़क निर्माण में अगर कुछ गलत चीज सामने आती है तो संज्ञान लिया जाता है। सरकार ने जांच के निर्देश दिए है। जांच के बाद अगर कुछ गड़बड़ी पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। गड़बड़ी होने पर ठेकेदार पर जुर्माना और ब्लैकलिस्ट करने का भी काम किया जाएगा।
कचरे से मिलेगी मुक्ति, अपशिष्ट बनेगा हाईवे की मजबूत नींव
भोपाल स्थित आदमपुर खंती में वर्षों से जमा ठोस कचरा अब सतत विकास का एक मजबूत आधार बनता जा रहा है। National Highways Authority of India (NHAI) इस दिशा में एक बड़ी और प्रभावशाली पहल करते हुए न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को गति दे रहा है, बल्कि वर्षों से जमा इस “legacy waste” के स्थायी समाधान की ओर भी ठोस कदम बढ़ा रहा है। अयोध्या बायपास के लगभग 16 किलोमीटर लंबे चौड़ीकरण कार्य में इस कचरे का उपयोग किया जा रहा है। इसी के साथ, इस पहल को आगे बढ़ाते हुए भोपाल–रायसेन से सागर तक NH-146 के निर्माण कार्यों में भी ऐसे पुनर्चक्रित मटेरियल के उपयोग को शामिल किया जा रहा है, जिससे बड़े स्तर पर हरित और टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिल सके।
कचरे के उपयोग से पूर्व लैब में परीक्षण
इस पहल के अंतर्गत आदमपुर खंती से प्राप्त ठोस कचरे का उपयोग बड़े पैमाने पर किया जा रहा है, जिसमें लगभग 10 लाख मीट्रिक टन सालिड वेस्ट के उपयोग का प्रावधान है। इसके साथ ही, कचरे के उपयोग से पूर्व उसके सैंपल लेकर विस्तृत प्रयोगशाला (लैब) परीक्षण भी कराए गए हैं, ताकि निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जा सके। यह पहल केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा सकारात्मक प्रभाव स्थानीय नागरिकों के जीवन पर भी पड़ेगा।
आसपास का वातावरण अधिक स्वच्छ और सुरक्षित
आदमपुर खंती के आसपास रहने वाले लोगों को वर्षों से बदबू, प्रदूषण, धुएं और आग लगने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता रहा है। अब इस पहल के माध्यम से धीरे-धीरे कचरे के इन ढेरों का वैज्ञानिक निस्तारण होगा, जिससे क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा। कचरे से उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी कम होंगे और आसपास का वातावरण अधिक स्वच्छ और सुरक्षित बन सकेगा। इस पहल के जरिए न केवल सालों से जमा कचरे के बड़े हिस्से को खत्म करने में मदद मिलेगी, बल्कि उसे संसाधन में बदलकर हरित, टिकाऊ और भविष्य उन्मुख राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की दिशा में एक मजबूत और प्रेरणादायक उदाहरण भी स्थापित किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

