अरविंद मिश्रा, बलौदाबाजार। जिले के ग्राम रवान स्थित सीमेंट संयंत्र के गार्ड द्वारा आम तोड़ने गए बालक को उठा उठाकर जमीन पर पटकने और चोट लगने के मामले ने अब तुल पकड़ लिया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार पर कोई केस दर्ज नहीं कराने का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं आज हाॅस्पिटल बालक को देखने गए जनप्रतिनिधि और उनके साथियों द्वारा एक लाख रुपए लेकर मामला रफा-दफा करने की बात सामने आई है। आज कसडोल विधायक संदीप साहू भी जिला हाॅस्पिटल पहुंचे और पीड़ित बालक व परिजनों से मुलाकात कर हर संभव सहायता की बात कही।

विधायक संदीप साहू ने कहा कि हमारे क्षेत्र में स्थापित उद्योगों में बाहरी राज्य के लोगों को काम पर रखा गया है और एक छोटे से बच्चे के साथ इस तरह की घटना बहुत शर्मनाक है। इसके लिए केवल गार्ड पर ही नहीं कंपनी प्रबंधन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आने वाले हैं, हम इस मामले को लेकर ज्ञापन देंगे और कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। पीड़ित परिवार के मुताबिक, कुछ लोग आज हाॅस्पिटल भी आये थे, जिन्होंने मामले को दबाने रुपए देने की बात कही है। इन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। दोषी कोई भी हो बचना नहीं चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले – दोषियों पर हो कार्रवाई

भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद यादव भी जिला चिकित्सालय पहुंचे और पीड़ित बालक व परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस घटना में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित बालक के बड़े भाई कार्तिक साहू ने बताया कि उन पर मामले को दबाने लगातार दबाव डाला जा रहा है। आज भी धमकी देने वाले आये थे और एक लाख रुपए लेकर मामला रफा-दफा करने दबाव बना रहे थे।

साहू समाज आया सामने

घटना के बाद अब पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने साहू समाज भी सामने आया है। समाज के जिलाध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि पीड़ित बालक के सम्पूर्ण ईलाज के साथ ही इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी सहित धमकी देने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि ठोस कार्रवाई नहीं होगी तो समाज आगे कदम बढ़ाएगा।

दोषियों पर होगी कार्रवाई : एसपी

इस मामले में एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आगे जैसे भी जांच में बात सामने आएगी कार्रवाई की जाएगी। वहीं कंपनी प्रबंधन ने आरोपी को बर्खास्त कर दिया है। घटना के बाद से अभी तक कंपनी प्रबंधन के तरफ से कोई भी व्यक्ति सामने आकर अपनी बात नहीं रखा है।
आपको बता दें कि घटना के बाद से क्षेत्र में काफी आक्रोश है।