पटना। बिहार की राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सोमवार को शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार पाटलीपुत्र थाना अंतर्गत अल्पना मार्केट के पास हथियारबंद अपराधियों ने एक निजी कंपनी के कलेक्शन एजेंट को निशाना बनाया। अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में एजेंट को घेरकर गन पॉइंट पर लिया और महज कुछ ही मिनटों में 20 लाख रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
दो बाइकों पर आए थे चार नकाबपोश
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित पंकज कुमार रेडिएंट कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मनी कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत हैं। सोमवार को वह साईं मंदिर इलाके से भारी मात्रा में कैश कलेक्ट कर उसे बोरिंग रोड स्थित सेंट्रल बैंक में जमा करने जा रहे थे।
जैसे ही पंकज अल्पना मार्केट वाली पतली गली में दाखिल हुए, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। एजेंट ने बताया कि अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार थे और उनकी कुल संख्या चार थी। एक बाइक ने सामने से रास्ता रोका, जबकि दूसरी बाइक ने पीछे से घेराबंदी कर दी।
हथियार के बल पर चंद मिनटों में लूट
पंकज के अनुसार, सभी बदमाशों ने अपने चेहरे ढक रखे थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। बाइक रुकते ही अपराधियों ने उन पर पिस्टल तान दी। जान से मारने की धमकी देते हुए अपराधियों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया। शोर मचाने या विरोध करने का मौका मिलने से पहले ही अपराधी तेजी से मुख्य सड़क की ओर रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जांच में जुटी पुलिस और DIU की टीम
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और DIU की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक अपराधी शहर की गलियों में ओझल हो चुके थे। फिलहाल पुलिस अल्पना मार्केट और लिंक रोड में लगे विभिन्न सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के भागने के रूट और उनकी बाइक के नंबर का सुराग मिल सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

