Delhi Water Supply Crisis: गर्मी की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वॉटर सप्लाई संकट शुरू हो गया है। चंद्रावल वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (Chandrawal Water Treatment Plant) में पाइपलाइन फटने (pipeline burst) से दिल्ली के बड़े हिस्से में पानी सप्लाई ठप हो गई है। इससे करीब 3 दिन तक लाखों लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ेगी। लोगों को अब अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, चंद्रावल प्लांट के पास बैकवॉश लाइन में अचानक खराबी आ गई। 600 एमएम की पाइपलाइन फटने से हालात और बिगड़ गए। इस वजह से पंप हाउस में पानी भर गया और इलेक्ट्रिकल व मैकेनिकल उपकरण काम करना बंद कर गए।

नतीजा यह हुआ कि पूरे इलाके में पानी की सप्लाई ठप हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह तकनीकी खराबी काफी गंभीर है, जिसे ठीक करने में समय लग रहा है। मरम्मत का काम तेजी से जारी है, लेकिन फिलहाल लोगों को तुरंत राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, पंप हाउस से पानी निकालने, पाइपलाइन की मरम्मत करने और खराब उपकरणों को ठीक करने में करीब तीन दिन का समय लग सकता है।

इन इलाकों में पानी की समस्या

इस खराबी का असर दिल्ली के कई घनी आबादी वाले इलाकों में पड़ा है। सराय रोहिल्ला, गुलाबी बाग, नारायणा विहार, नेहरू नगर, बलजीत नगर, प्रेम नगर, पंजाबी बस्ती, सदर बाजार, करोल बाग, पहाड़गंज, पटेल नगर, झंडेवाला, बापा नगर, देव नगर, कश्मीरी गेट, आरके पुरम और तुर्कमान गेट जैसे इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित है। यहां रहने वाले लोगों को पानी के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

9 विधानसभा क्षेत्रों पर असर

चंद्रावल प्लांट से करीब 96 वर्ग किलोमीटर इलाके में पानी की सप्लाई होती है, जो नौ विधानसभा क्षेत्रों को कवर करता है। ऐसे में इस खराबी का असर बड़े स्तर पर देखने को मिल रहा है। हजारों घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इसके अलावा सिविल लाइंस, हिंदू राव अस्पताल, कमला नगर, शक्ति नगर, एनडीएमसी क्षेत्र, ओल्ड और न्यू राजेंद्र नगर, इंद्रपुरी, दिल्ली कैंट, वसंत विहार, मुनिरका, तिमारपुर और मलकागंज जैसे इलाकों में भी पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में लोगों को टैंकर या स्टोर किए गए पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पानी का इस्तेमाल सोच-समझकर करें।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m