Bilaspur News Update: जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध अफीम और गांजा की खेती की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने राज्य शासन के निर्देशों के तहत निगरानी तेज करने और संयुक्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

निर्देशों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, पंचायत सचिव और कोटवार तथा नगरीय क्षेत्रों में पटवारी और नगर पालिका/पंचायत की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से सर्वे किया जाएगा। राजस्व, पुलिस और वन विभाग को किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। इसके साथ ही कृषि, उद्यानिकी और रेशम विभाग को भी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने तहसीलदार, पटवारी, पंचायत सचिव और कोटवारों को गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करने और संदिग्ध फसलों की पहचान करने को कहा है। विशेष रूप से नदी किनारे और वन क्षेत्रों से लगे इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी अवैध अफीम या गांजा की खेती पाई जाती है, तो संबंधित पटवारी और ग्राम सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहकर समन्वित तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

ट्रेन में भरा गैस सिलेंडर लेकर सफर कर रहा युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। कोरबा–रायपुर मेमू ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए भरा गैस सिलेंडर लेकर सफर कर रहे एक युवक को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ गुप्तचर शाखा के सहायक उप निरीक्षक बीरबल सिंह और प्रधान आरक्षक एके प्रधान ने कोटमी सोनार और बिलासपुर के बीच ट्रेन में संदिग्ध युवक की तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से लाल रंग का भरा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुआ। आरोपी की पहचान हरि कृष्ण कश्यप (28) निवासी वार्ड 3, अकलतरा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह सिलेंडर को सफेद प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर ट्रेन नंबर 68745 कोरबा–रायपुर मेमू से अकलतरा से गतौरा जा रहा था। युवक के पास सिलेंडर ले जाने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन में ज्वलनशील पदार्थ ले जाना गंभीर अपराध है और इससे यात्रियों की जान-माल को खतरा हो सकता है।

मौके पर गवाहों के समक्ष सिलेंडर और आरोपी का आधार कार्ड जब्त किया गया। बिलासपुर आरपीएफ पोस्ट ने आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153 और 164 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उप निरीक्षक एसबी सिंह कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में किसी भी संदिग्ध या ज्वलनशील सामग्री की जानकारी तुरंत आरपीएफ को दें।

शोभा यात्रा में स्टंट करना पड़ा भारी, लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई

बिलासपुर। हिंदू नववर्ष की शोभा यात्रा के दौरान लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और स्टंट करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में तीन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक वाहन जब्त किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 19 मार्च को दोपहर करीब 3:30 से 4:00 बजे के बीच घंटाघर ओपन थिएटर मैदान में शोभा यात्रा के दौरान कुछ वाहन चालक चारपहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इस दौरान लोगों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।

पुलिस ने बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत स्कॉर्पियो (CG 11 AA 6166), बोलेरो (CG 12 BJ 2975), स्विफ्ट (CG 12 BF 3890) और थार (CG 04 NG 8300) के चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें से थार वाहन को जब्त कर लिया गया है, जबकि अन्य तीन वाहनों की तलाश जारी है।

इस मामले में हिमांशु बैरागी, मुकेश कुमार बैगा और रामकिशन साहू के खिलाफ सिविल लाइन थाने में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे आयोजनों के दौरान नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।

शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने वाला युवक गिरफ्तार

बिलासपुर। नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी कमलेश यादव उर्फ बंटी (19) किशोरी को शादी का झांसा देकर हैदराबाद ले गया था। परिजनों ने 16 फरवरी को सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम ने जामपल्ली गांव में दबिश देकर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी पर बीएनएस और पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

कोटा-लोरमी-पंडरिया सड़क के लिए 84.89 करोड़ मंजूर, 11 किमी मार्ग का होगा उन्नयन

मुंगेली। राज्य शासन ने मुंगेली जिले में कोटा-लोरमी-पंडरिया राज्य मार्ग के विकास के लिए 84 करोड़ 89 लाख 35 हजार रुपए की स्वीकृति दी है। इस राशि से केंद्रीय सड़क निधि (CRIF) योजना के तहत पुल-पुलियों के निर्माण के साथ 11 किलोमीटर सड़क का मजबूतीकरण और उन्नयन किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति का परिपत्र जारी कर दिया गया है। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

लोक निर्माण विभाग ने कार्य की निविदा समय-सीमा में पूरी करने, लागत में मितव्ययिता रखने और निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि अनावश्यक रूप से समय-सीमा में वृद्धि नहीं दी जाएगी, केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी की अनुमति से समय बढ़ाया जा सकेगा।

खेल अधोसंरचना को बढ़ावा: दो बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए 109.40 करोड़ मंजूर

बिलासपुर। राज्य शासन ने खेल अधोसंरचना के विकास को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए दो प्रमुख परियोजनाओं के लिए 109 करोड़ 39 लाख 75 हजार रुपए की स्वीकृति दी है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने मंत्रालय से प्रशासकीय मंजूरी जारी कर दी है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा नवा रायपुर में आधुनिक खेल कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए 94 करोड़ 68 लाख 98 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। वहीं दुर्ग में बहु-उद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण हेतु 14 करोड़ 70 लाख 77 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और खिलाड़ियों को बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध हो सकेगी।

करगीखुर्द हत्याकांड के 6 आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम करगीखुर्द में युवक मोहन पांडेय की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, घटना होली की लकड़ी चोरी के विवाद से जुड़ी है। कुछ समय पहले मृतक ने आरोपी राजाराम साहू पर लकड़ी चोरी कर होलिका दहन में उपयोग करने का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मोहन ने राजाराम को थप्पड़ मार दिया था। बताया जा रहा है कि 22 मार्च को जैसे ही मोहन अपने घर पहुंचा, आरोपियों ने उस पर टंगिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गुरमा पहुंचा दंतैल हाथी, जंगल गए ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

कोरबा। वन मंडल कोरबा के करतला रेंज में घूम रहा दंतैल हाथी अब कुदमुरा रेंज के गुरमा क्षेत्र तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। महुआ बीनने जंगल गए कई ग्रामीणों को इसकी जानकारी नहीं थी, जिससे वे घबराकर वापस लौट आए।

जानकारी के अनुसार, यह दंतैल हाथी धरमजयगढ़ वन मंडल की ओर लौट सकता है। रविवार सुबह तक यह गुरमा पहुंच चुका था, जो धरमजयगढ़ सीमा से करीब 5 किलोमीटर दूर है। इससे पहले शनिवार शाम को इसे गीतकुंवारी के पास देखा गया था।

वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में वन मंडल क्षेत्र में करीब 10 हाथी विचरण कर रहे हैं। इनमें से 9 हाथियों का झुंड पसरखेत रेंज के ग्राम केराझरिया जंगल में है, जिसमें चार बच्चे भी शामिल हैं। बच्चों के कारण यह झुंड गांवों से दूर जंगल में ही ठहरा हुआ है, जिससे फिलहाल ग्रामीणों को राहत है।

हालांकि, अकेला दंतैल हाथी सबसे ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है। कटघोरा वन मंडल के जटगा रेंज में पिछले दो महीनों से 48 हाथियों का झुंड एक ही स्थान पर डेरा डाले हुए है, जबकि केंदई रेंज और कोरबी के जंगलों में भी हाथियों की गतिविधियां देखी जा रही हैं।

रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि दंतैल अधिकांश समय जंगल में ही रह रहा है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H