बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में होली की रात एक युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवती को जबरन वाहन में बैठाकर सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां उसने दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने युवती से मारपीट की और उसका मोबाइल, नगदी समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 22 मार्च को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि घटना 3 मार्च की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच की है। उस समय वह बन्नाक चौक स्थित एक दुकान के पास खड़ी थी और हल्के नशे में थी। इसी दौरान ‘मझला’ नाम से पहचाने जाने वाला युवक वहां पहुंचा और घर छोड़ने का झांसा देकर जबरदस्ती उसे अपने वाहन में बैठा लिया।

जंगल में ले जाकर किया दुष्कर्म का प्रयास

आरोप है कि युवक पीड़िता को गोखले नाला के आगे स्थित जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां उसने जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता के हाथ-पैर पकड़कर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया, लेकिन युवती के विरोध और शोर मचाने पर वह सफल नहीं हो सका।

विरोध करने पर मारपीट, सामान लूटकर फरार

पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने उसके सिर पर शराब की बोतल से वार किया, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसका मोबाइल फोन, करीब 800 रुपए नकद, पर्स और अन्य सामान छीन लिया और मौके से फरार हो गया। जाते-जाते आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद तबीयत खराब होने के कारण पीड़िता तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। करीब 19 दिन बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। सिरगिट्टी पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H