​पटना। बिहटा इलाके में मंगलवार की देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया। आईआईटी अम्हारा थाना क्षेत्र के कालीगंज मोड़ के पास एक अनियंत्रित तेल टैंकर और मोटरसाइकिल के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक टैंकर के अगले हिस्से में फंस गई और देखते ही देखते दोनों वाहन आग के शोलों में तब्दील हो गए।

​बाइक को 300 मीटर तक घसीटता ले गया टैंकर

​पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि बाइक सवार युवक बिहटा से अपने घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान बिहटा-लईं रोड पर विपरीत दिशा से आ रहे HPCL के एक तेज रफ्तार टैंकर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही युवक बाइक से छिटक कर दूर जा गिरा, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। हालांकि, मोटरसाइकिल ट्रक के निचले हिस्से में फंस गई। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे भगाना चाहा, जिससे सड़क पर घर्षण के कारण चिंगारी उठी और करीब 300 मीटर की दूरी तय करते-करते टैंकर और बाइक दोनों में भयंकर आग लग गई।

​मौके से चालक फरार

​आग की लपटें उठते ही टैंकर चालक वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। गनीमत यह रही कि टैंकर उस वक्त खाली था और वह रिफिलिंग के लिए डिपो जा रहा था। यदि टैंकर ईंधन से भरा होता, तो रिहायशी इलाके के पास एक बड़ा विस्फोट हो सकता था।

​घंटों तक बाधित रहा यातायात

​हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग एक घंटे तक ट्रैफिक पूरी तरह जाम रहा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोशन कुमार पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस फिलहाल फरार टैंकर चालक की तलाश कर रही है।