मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार रात गरहा थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव में पूर्व मंत्री और भाजपा नेता रामसूरत राय के करीबी हरिशंकर सिंह उर्फ हरि भगत (41) की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। बदमाशों ने इस वारदात को उनके बेटे के सामने अंजाम दिया।

​खेत से लौटते वक्त घात लगाकर हमला

​घटना उस वक्त हुई जब हरि भगत अपने बेटे हिमांशु के साथ खेत से गेहूं की दौनी कराकर बाइक से घर लौट रहे थे। मुरादपुर स्थित बुझावन भगत स्कूल के पास एक बाइक पर सवार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका। बेटे के अनुसार, अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए बेटा बाइक से कूदकर खेतों की ओर भागा, जबकि अपराधियों ने हरि भगत को निशाना बनाया।

​पिता को लगी चार गोलियां

​मृतक के बेटे हिमांशु ने बताया कि अपराधियों ने पिता पर चार गोलियां चलाईं, जो उनके सिर और सीने में लगीं। लहूलुहान हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश और जमीन विवाद के कारण इस हत्या को अंजाम दिया गया है। 9 महीने पहले भी उन पर जानलेवा हमला हुआ था, लेकिन तब वे बाल-बाल बच गए थे।

​पूर्व मंत्री के छलके आंसू, पुलिस पर उठाए सवाल

​घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री रामसूरत राय अस्पताल पहुंचे और फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, हरि भगत मेरे बच्चे जैसा था। पूर्व में हुई शिकायतों के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसका नतीजा आज सबके सामने है। वहीं, मौके पर पहुंचे जदयू विधायक अजय कुमार ने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन और अपराधियों की धरपकड़ में जुटी है।