कुंदन कुमार/पटना। चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर राजधानी पटना भक्ति के रंग में सराबोर होने के लिए तैयार है। महावीर मंदिर न्यास समिति ने आगामी 27 मार्च को मनाए जाने वाले रामनवमी महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। बुधवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यास समिति के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने उत्सव की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
52 झांकियां और भगवामय पटना
इस वर्ष रामनवमी के उपलक्ष्य में पटना के विभिन्न कोनों से कुल 52 भव्य झांकियां निकाली जाएंगी। पूरे शहर को उत्सव का रूप देने के लिए 2 लाख भगवा ध्वजों से सजाया जा रहा है। आचार्य कुणाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और लाइव मॉनिटरिंग
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी जाएगी और लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। चोरों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए प्रशासन के सहयोग से विशेष निगरानी दल तैनात रहेंगे।
दर्शनार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
- प्रवेश द्वार: जो श्रद्धालु बिना प्रसाद और माला के केवल दर्शन करना चाहते हैं, उनके लिए उत्तरी द्वार खोला जाएगा।
- सम्मान: मंदिर में प्रवेश करने वाले प्रथम दस श्रद्धालुओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
- LED स्क्रीन: मंदिर के गर्भगृह के दर्शन के लिए शहर में 30 LED स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि कतार में खड़े लोग भी लाइव दर्शन कर सकें।
पार्किंग और प्रसाद काउंटर
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बुद्धा स्मृति पार्क के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही, महावीर मंदिर के प्रसिद्ध नैवेद्यम प्रसाद की सुलभता के लिए 8 अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने VIP श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे के बाद ही दर्शन के लिए आएं, ताकि आम भक्तों को असुविधा न हो।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

