पटना। बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भविष्य और उनकी समृद्धि यात्रा के समापन को लेकर जारी चर्चाओं के बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) के MLC खालिद अनवर ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में नीतीश कुमार ही एकमात्र केंद्र बिंदु हैं और फिलहाल मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए कोई वैकेंसी नहीं है।
2030 तक नीतीश ही रहेंगे चेहरा
खालिद अनवर ने कहा कि 2025 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई संशय नहीं होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि नीतीश कुमार बिहार छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं। जनता ने अपना जनादेश नीतीश कुमार के विकास कार्यों और उनके चेहरे पर दिया है, इसलिए उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाना बेमानी है। अनवर ने कहा कि नीतीश कुमार ने राज्य की बागडोर संभालते ही विकास की जो लकीर खींची है, उसे वे आगे भी जारी रखेंगे।
राज्यसभा और उत्तराधिकारी पर सस्पेंस
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रहने की अटकलों पर MLC ने कहा कि यह पूरी तरह से मुख्यमंत्री का निजी निर्णय होगा। उन्होंने कहा, यह नीतीश कुमार को तय करना है कि वे राज्यसभा जाकर भी पद पर बने रहते हैं या अपनी जगह अपने किसी विश्वासपात्र को जिम्मेदारी सौंपते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन पर किसी भी तरह का कोई बाहरी दबाव नहीं है और वे जो भी फैसला लेंगे, वह बिहार के हित में होगा।
विपक्ष पर तीखा हमला
तेजस्वी यादव द्वारा नीतीश कुमार को पद से हटाए जाने के दावों पर खालिद अनवर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं के दावों में कोई दम नहीं है। उन्होंने चुनौती भरे लहजे में कहा, किसी में इतना दम नहीं है जो नीतीश कुमार को उनकी मर्जी के बिना कुर्सी से हटा सके। उन्होंने तेजस्वी के बयानों को आधारहीन बताते हुए कहा कि बिहार आज भी नीतीश कुमार के हाथों में सुरक्षित है और वे ही राज्य को आगे ले जाएंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

