Rajasthan News: राजस्थान के कई प्रमुख शहरों में आज दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जयपुर स्थित रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को एक खौफनाक धमकी भरा ईमेल मिला। इस ईमेल में दावा किया गया कि अजमेर, सीकर, जैसलमेर और हनुमानगढ़ के पासपोर्ट सेवा केंद्रों और मुख्य डाकघरों को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसके बाद आनन-फानन में इन सभी दफ्तरों को खाली करा लिया गया और भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है।

ईमेल में DMK और 2026 का जिक्र

दरअसल, इस धमकी भरे ईमेल की भाषा बेहद अजीब और डराने वाली है। सूत्रों ने बताया कि मेल में बेंगलुरु मेडिकल कॉलेज की एक घटना और डॉ. अब्दुल मोहम्मद भाई के अपमान का बदला लेने की बात कही गई है। ईमेल में लिखा है कि दोपहर 2 बजे की प्रार्थना के दौरान परिसर में 10 जहरीले बम लगाए गए हैं। मेल में साफ लिखा है कि अगर DMK साल 2026 का चुनाव जीतती है, तो परिवार के एक सदस्य को खोना पड़ेगा। इस सियासी एंगल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।

अजमेर से हनुमानगढ़ तक सर्च ऑपरेशन

बता दें कि धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। सीकर उद्योग नगर थाना पुलिस ने पासपोर्ट ऑफिस को खाली कराकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। जैसलमेर और हनुमानगढ़ में मुख्य डाकघर और जंक्शन स्थित पासपोर्ट कार्यालयों के आसपास आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। अजमेर के जीपीओ स्थित पासपोर्ट केंद्र को सुरक्षा घेरे में लेकर संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

अफवाहों से बचें, खुफिया विभाग सक्रिय

गौरतलब है कि पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। ग्राउंड सूत्रों के अनुसार, खुफिया विभाग (IB) की टीम भी अब इस ईमेल के सोर्स का पता लगाने में जुट गई है। शुरुआती जांच में यह किसी की शरारत लग रही है, लेकिन पुलिस कोई भी जोखिम नहीं उठाना चाहती। पूरे प्रदेश के संवेदनशील सरकारी दफ्तरों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

पढ़ें ये खबरें