अजयारविंद नामदेव, शहडोल। एक ओर जहां देश के विभिन्न हिस्सों से अक्सर तनाव की खबरें आती हैं। वहीं मध्य प्रदेश के शहडोल में एक बार फिर हिंदू-मुस्लिम एकता की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरती को जीवंत कर दिया। चैत्र नवरात्रि और रामनवमी के अवसर पर सोहागपुर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा का मुस्लिम समुदाय ने दिल खोलकर स्वागत किया, जिसने पूरे प्रदेश का दिल जीत लिया।
रामनवमी की शोभायात्रा के साथ ईद के बाद का पहला जुमा
संयोग ऐसा था कि शुक्रवार को रामनवमी की शोभायात्रा के साथ-साथ ईद के बाद का पहला जुमा भी था। सोहागपुर गढ़ी बाजार स्थित जामा मस्जिद के पास जैसे ही भगवान राम की शोभायात्रा पहुंची। वहां मौजूद मुस्लिम भाइयों ने हिंदू भाई-बहनों का स्वागत फूलों की वर्षा के साथ किया। वातावरण जय श्री राम के जयकारों और आपसी प्रेम की खुशबू से सराबोर हो गया।
मुस्लिम समाज ने शोभायात्रा का किया स्वागत
गढ़ी बाजार स्थित जामा मस्जिद के पास, जहां एक ओर जुमे की नमाज अदा की जा रही थी, वहीं दूसरी ओर शोभायात्रा के स्वागत के लिए मुस्लिम समाज के लोग खड़े नजर आए। नमाज के दौरान ही श्रद्धा और सम्मान के साथ शोभायात्रा पर फूलों की वर्षा की गई मुस्लिम भाइयों ने हिंदू श्रद्धालुओं को शरबत पिलाया, मिठाई खिलाई और गले मिलकर रामनवमी की बधाई दी।
भाईचारे की पेश की मिसाल
इस अनूठे नजारे ने पूरे शहर को भावुक कर दिया। स्थानीय कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद सुफियान खान के नेतृत्व में सैकड़ों महिला-पुरुष और युवाओं ने इस आयोजन में भाग लेकर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। खास बात यह रही कि यह दिन ईद के बाद पहला जुम्मा भी था, फिर भी दोनों समुदायों ने एक-दूसरे के पर्व का सम्मान करते हुए भाईचारे की मिसाल पेश की।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
वहीं सोहागपुर थाना पुलिस की भूमिका भी सराहनीय रही, थाना प्रभारी अरुण पांडे के मार्गदर्शन में पहले से ही रूट तय कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ पूर्व में बैठक कर आपसी सहमति बनाई गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। शहडोल की यह तस्वीर न सिर्फ जिले, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक संदेश है कि आपसी प्रेम, सम्मान और एकता से ही समाज मजबूत बनता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

