Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (27 मार्च 2026) की खबरों में  दिल्ली में बनेगी नई फिल्म सिटी, केंद्र सरकार देगी 486 एकड़ जमीन, दिल्ली सरकार ने 6.2 करोड़ की VIP एसी बोट खरीद योजना रद्द की, दिल्ली सरकार ला रही बोरवेल कनेक्शन की नई पॉलिसी , केजरीवाल ने शराब घोटाले के आरोपों पर दी सफाई, जन्म पत्री और जच्चा-बच्चा कार्ड मान्य नहीं, दिल्ली हाई कोर्ट प्रमुख रहा।

दिल्ली में बनेगी नई फिल्म सिटी, केंद्र सरकार देगी 486 एकड़ जमीन

दिल्ली में अब अपनी फिल्म सिटी बनने जा रही है। केंद्र सरकार ने इस परियोजना को समर्थन देते हुए दिल्ली सरकार को लगभग 486 एकड़ जमीन देने का निर्णय लिया है। यह कदम दिल्ली को एक प्रमुख फिल्म निर्माण और मनोरंजन हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस संबंध में समझौता पत्र (MOU) आज शाम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में साइन किया जाएगा। समारोह भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार (प्रसार भारती) के अधिकारी शामिल होंगे।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली सरकार ने 6.2 करोड़ की VIP एसी बोट खरीद योजना रद्द की

दिल्ली: दिल्ली सरकार ने 6.2 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित दो VIP बोट की खरीद योजना को रद्द कर दिया है। इसके साथ ही इस खरीद प्रक्रिया से जुड़े दो अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इस योजना को लेकर पहले ही सवाल उठाए जा रहे थे। आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस ने लग्जरी बोट्स की खरीद को जनता के पैसे की बर्बादी बताते हुए सरकार पर निशाना साधा था। विवाद बढ़ने के बाद सरकार ने न केवल इस योजना को रद्द करने का फैसला लिया, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली सरकार ला रही बोरवेल कनेक्शन की नई पॉलिसी

गर्मी बढ़ने के साथ ही राजधानी दिल्ली में पानी की समस्या आम बात बन गई है। कई इलाकों में लोग पीने के साफ पानी के लिए परेशानियों का सामना कर रहे हैं, और कुछ क्षेत्रों में लोग टैंकर के पानी पर निर्भर रहते हैं। अब इस समस्या को ध्यान में रखते हुए, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में बोरवेल का कनेक्शन सबको मिलेगा। इच्छुक लोग आधिकारिक परमीशन लेकर अपने इलाके में बोरवेल का कनेक्शन ले सकते हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

केजरीवाल ने शराब घोटाले के आरोपों पर दी सफाई

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) इन दिनों गुजरात में हैं। निकाय चुनाव से पहले चार दिन की यात्रा पर पहुंचे केजरीवाल ने शुक्रवार को दाहोद में आयोजित ‘विजय विश्वास सभा’ को संबोधित किया। सभा में केजरीवाल ने दिल्ली के कथित शराब घोटाले मामले में अदालत से मिली राहत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने उन्हें आरोप मुक्त कर दिया और कहा कि ‘अरविंद केजरीवाल जैसा कट्टर ईमानदार कोई नहीं है इस दुनिया में।’

पढ़े पूरी खबर…..

जन्म पत्री और जच्चा-बच्चा कार्ड मान्य नहीं, दिल्ली हाई कोर्ट

दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने एक अहम निर्णय में स्पष्ट किया है कि जन्म पत्री (कुंडली) को किसी व्यक्ति की जन्मतिथि का वैध कानूनी प्रमाण नहीं माना जा सकता। यह टिप्पणी अदालत ने 13 साल पुराने किडनैपिंग और दुष्कर्म मामले की सुनवाई के दौरान की, जिसमें राज्य सरकार ने निचली अदालत के बरी करने के फैसले को चुनौती दी थी। हाई कोर्ट ने मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को बरी करने का फैसला उचित है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट: राजधानी दिल्ली-NCR में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार सुबह कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।  IMD के अनुसार, दिनभर के दौरान दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों को देखते हुए कई इलाकों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली के स्कूलों में रील्स पर और शॉर्ट वीडियो पर सख्ती: नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी स्कूलों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए स्कूल परिसर में रील्स और शॉर्ट वीडियो बनाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। जारी सर्कुलर के मुताबिक, यह प्रतिबंध छात्रों, शिक्षकों और अन्य स्टाफ सदस्यों पर समान रूप से लागू होगा। खासतौर पर स्कूल समय के दौरान किसी भी तरह के सोशल मीडिया वीडियो बनाने की अनुमति नहीं होगी। सरकार ने सभी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परिसर के भीतर मनोरंजन या सोशल मीडिया के लिए वीडियो कंटेंट तैयार करना प्रतिबंधित रहेगा। (पढ़े पूरी खबर)

कांग्रेस मिली बड़ी राहत, खाली नहीं करना होगा 24 अकबर रोड बंगला: केंद्र पर लगातार हमला करने वाली देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस को अब सरकार से फिलहाल बड़ी राहत मिली है. कांग्रेस को 28 मार्च तक दिल्ली के 24, अकबर रोड स्थित बंगले को खाली करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन अब पार्टी को यह बंगला खाली नहीं करना होगा. जबकि इससे पहले केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (MoHUA) के भूमि और विकास कार्यालय (L&DO) की ओर से बंगला खाली करने का नोटिस थमाया गया था.(पढ़े पूरी खबर)

Palam Fire Tragedy: दिल्ली: पालम के राम चौक मार्केट स्थित चार मंजिला इमारत में बीते दिनों लगी भीषण आग की प्राथमिक जांच रिपोर्ट सामने आई है। दमकल विभाग और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की रिपोर्ट के अनुसार, इमारत के बेसमेंट और अन्य मंजिलों पर भारी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे, जिसने आग को तेजी से विकराल रूप देने में मदद की। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि आग की वजह से इमारत का आने-जाने का एकमात्र रास्ता बंद हो गया, जिसके कारण कश्यप परिवार के नौ सदस्य फंस गए और उनकी जान चली गई। (पढ़े पूरी खबर)

शीशमहल’विवाद गहराया: दिल्ली: दिल्ली की सियासत में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास, जिसे भाजपा ‘शीशमहल’ कहती है, को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने विधानसभा में CAG रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान केजरीवाल की तुलना फिल्म ‘धुरंधर’ के किरदार रहमान डकैत से की। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने दिल्ली के पैसों पर डाका डाला है। इस बयान के एक दिन बाद प्रवेश वर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 14 मिनट 30 सेकंड का एक वीडियो साझा किया, जिसे उन्होंने ‘धुरंधर पार्ट-3’ नाम दिया। इस वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर केजरीवाल के बनाए ‘शीशमहल’ को अंदर से दिखाने का दावा किया है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में कमर्शियल LPG सप्लाई बढ़ी: नई दिल्ली: दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि राजधानी में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल एलपीजी का आवंटन 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है। मंत्री के अनुसार, यह फैसला केंद्र सरकार के निर्देश पर लिया गया है, ताकि बाजार में सप्लाई सुचारु बनी रहे और किसी तरह की कमी की स्थिति न बने। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m